विकसित भारत के संकल्प से गूँजा जशपुर, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल के नेतृत्व में निकली 'सेवा ज्योति यात्रा'....
रणजीता स्टेडियम में हुई विकसित भारत संकल्प सभा, वर्ष 2047 तक देश को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने का लिया गया सामूहिक संकल्प।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा से राष्ट्रसेवा के 25 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जशपुर में दिखा भारी उत्साह।

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की क़लम से:-
रायपुर - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा से राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में, जशपुर के रणजीता स्टेडियम में एक भव्य 'विकसित भारत संकल्प सभा' का आयोजन किया गया। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस सभा का मुख्य उद्देश्य वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित करने के लक्ष्य को जन-जन तक पहुँचाना था। कार्यक्रम के दौरान नागरिकों और युवाओं ने राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

रणजीता स्टेडियम से संगम चौक तक निकली 'सेवा ज्योति यात्रा' -
संकल्प सभा के तुरंत बाद पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल के नेतृत्व में रणजीता स्टेडियम से एक भव्य ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली गई। यह यात्रा विभिन्न प्रमुख मार्गों से होती हुई संगम चौक पर समाप्त हुई। इस यात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, युवाओं और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। यात्रा के दौरान पूरे मार्ग में राष्ट्रभक्ति और विकसित भारत के निर्माण का संदेश गूँजता रहा।
इस अवसर पर विधायक रायमुनी भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, और कृष्ण कुमार राय सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

जनभागीदारी से ही साकार होगा विकसित भारत का सपना: मंत्री राजेश अग्रवाल -
संबोधन के दौरान पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 25 वर्ष राष्ट्रहित और जनकल्याण को समर्पित रहे हैं। इन वर्षों में देश ने विकास के नए आयाम छुए हैं।
उन्होंने जोर देकर कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प केवल सरकारी योजनाओं से पूरा नहीं हो सकता, इसके लिए हर एक नागरिक की सक्रिय सहभागिता जरूरी है। युवा शक्ति और सामूहिक प्रयास ही इस महान लक्ष्य की सबसे मजबूत नींव हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे अपने क्षेत्र और समाज के विकास में पूरी ईमानदारी से योगदान दें।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन से मिली प्रेरणा -
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया, जिसे उपस्थित जनप्रतिनिधियों और जनता ने ध्यानपूर्वक सुना।
प्रधानमंत्री ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई अपनी जनसेवा यात्रा के 25 वर्ष पूरे होने का स्मरण किया। उन्होंने देशवासियों के अपार स्नेह और विश्वास के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह जनता का आशीर्वाद ही है जो हर चुनौती को पार करने की शक्ति देता है।
उन्होंने कहा कि साधन सीमित हो सकते हैं, लेकिन हमारे सपने और हौसले हमेशा बुलंद होने चाहिए। युवा शक्ति और मेक इन India की बढ़ती ताकत का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि 140 करोड़ देशवासियों की सामूहिक इच्छाशक्ति के बल पर भारत दुनिया में नई ऊंचाइयों को छुएगा।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments