'सेवा संकल्प अभियान' के तहत 'कबाड़ से जुगाड़' में छात्र-छात्राओं ने दिखाया सृजन का कमाल.....
राष्ट्रीय सेवा योजना स्थापना दिवस: अकलतरा में गूंजा स्वच्छता का संदेश, स्वयंसेवकों के श्रमदान ने जीता ग्रामीणों का दिल...

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
अकलतरा: ऋषभ विद्योदय महाविद्यालय एवं ऋषभ औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, बनाहिल के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) का स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर संस्था के गोद ग्राम पकरियाझूल में कार्यक्रम अधिकारी अरविंद कुमार और दुर्गा टंडन के नेतृत्व में एक दिवसीय शिविर लगाकर स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया।
स्वयंसेवकों ने गाँव की गलियों, प्रमुख चौक-चौराहों, चबूतरों और सामुदायिक भवन की साफ-सफाई कर श्रमदान का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया। इसके साथ ही, ग्रामीणों के पेयजल स्थल, हैंडपंप और बोर के आसपास फैली गंदगी को साफ कर लोगों को स्वच्छता का महत्व समझाया। अभियान के दौरान "शिक्षा से ही होगा देश का विकास", "नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो" और "हम सबने यह ठाना है, राष्ट्र को स्वच्छ बनाना है" जैसे नारों के माध्यम से जन-जागरूकता फैलाई गई।

ग्रामीणों ने की भावभीनी सराहना -
स्थापना दिवस के अवसर पर गोद ग्राम पकरियाझूल में ऐसा भावुक दृश्य देखने को मिला जिसने सेवा के अर्थ को सार्थक कर दिया। स्वयंसेवकों द्वारा चलाए गए स्वच्छता अभियान को देखकर सरपंच, पंचगण, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन दीदियां, युवा साथी और जन समुदाय स्वयं आगे आए। ग्रामीणों ने कहा कि आज छात्र-छात्राओं ने जिस समर्पण से गाँव की गलियों और पेयजल स्थलों को साफ किया है, वह सिर्फ सफाई नहीं, बल्कि गाँव के प्रति उनका प्रेम और अपनापन है। सरपंच ने कहा कि ऐसे युवा ही गाँव और देश का भविष्य हैं। वहीं आंगनबाड़ी और मितानिन कार्यकर्ताओं ने भावुक होते हुए कहा कि इन बच्चों ने आज सिखा दिया कि सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। ग्राम पंचायत और समस्त जन समुदाय ने महाविद्यालय परिवार और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया।

'कबाड़ से जुगाड़' में दिखी रचनात्मकता -
इसी अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत महाविद्यालय परिसर में 'कबाड़ से जुगाड़' कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं ने अनुपयोगी वस्तुओं से उपयोगी सामग्री बनाकर अपनी बेहतरीन रचनात्मकता का परिचय दिया।
सेवा से जागता है जिम्मेदारी का भाव -
कार्यक्रम अधिकारी अरविंद मिरी ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं को राष्ट्र की मुख्यधारा से जोड़ने का सबसे सशक्त माध्यम है। जब एक स्वयंसेवक सेवा के लिए आगे आता है, तो वह सिर्फ गाँव को स्वच्छ नहीं करता, बल्कि अपने जीवन में सेवा, संस्कार और जिम्मेदारी का भाव जगाता है। यही संस्कार उसे जीवन में एक अच्छा नागरिक और राष्ट्र का सच्चा सिपाही बनाता है। वहीं कार्यक्रम अधिकारी दुर्गा टंडन ने कहा कि सेवा का अर्थ केवल सफाई करना नहीं, बल्कि संवेदना है। आज बेटियों ने जिस तरह बढ़-चढ़कर भाग लिया है, वही इस समाज में बदलाव लाएगा। हमें समाज की बुराइयों को भी अच्छाई में बदलना है।

इस कार्यक्रम में राहुल राठौर, अनुज जैन, संध्या सिंह, सरिता पटेल, मनीषा कश्यप, श्रीयांश साहू, संदीप कुर्रे, अशोक पाण्डेय, अनामिका सिंह, सुनीता पाण्डेय, पायल दास, रश्मि मरकाम, समरीन मिर्जा, राजेश, भास्कर कश्यप, विद्या जायसवाल, अविनाश चौहान, नरेंद्र पाटले, मनीष गंधर्व, आकाश दास, नीरज निर्मलकर, बृजनंदन पटेल और द्वाशराम कश्यप सहित राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक, एनसीसी कैडेट और बड़ी संख्या में महाविद्यालयीन छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)











Comments