ट्रक पलटने से खुला प्लास्टिक दाने की आड़ में तस्करी का राज, 238 किलो गांजा बरामद...

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
सूरजपुर :- छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के घाट पेंडारी में उत्तर प्रदेश की ओर जा रहा ट्रक पलट गया। प्लास्टिक दाना की बोरियों से कुछ बोरियों को अलग रखने पर लोगों को शक हुआ। जांच करने पर 238 किलो गांजा बरामद हुआ है। जिसकी कीमत 1 करोड़ 19 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर सुनील कुमार (32) को गिरफ्तार किया है। आरोपी यूपी के अलीगढ़ का रहने वाला है। वह अपने साथी के मिलकर तस्करी कर रहा था। पुलिस बाकी फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। मामला चंदौरा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक 30 सितंबर को अंबिकापुर-बनारस स्टेट हाईवे पर घाट पेंडारी के मुख्य घाट में ट्रक क्रमांक UP 13 T 5497 पलट गया था। ट्रक के ड्राइवर सुनील कुमार ने ट्रक को क्रेन के जरिए उठवाया और बिखरे बोरियों को मजदूरों से उठवा रहा था। ट्रक में प्लास्टिक दाने भरे हुए थे। सुनील कुमार ने ट्रक में लदे कुछ बोरियों को अलग रखकर उसे प्लास्टिक के तिरपाल से ढंककर छिपा दिया था। जिस कारण उसमें संदिग्ध सामान होने का शक लोगों को हुआ और सूचना चंदौरा पुलिस को दी गई।
सूचना पर चंदौरा थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह धुर्वे की टीम मौके पर पहुंची। ट्रक के अगल-बगल जमीन पर प्लास्टिक दाना की बोरियां रखी थी, लेकिन मौके पर ट्रक ड्राइवर और बाकी लोग नहीं मिले।आस-पास की तलाशी लेने पर पुलिस को 9 बोरियों में भरे कुल 238 किलो 290 ग्राम गांजा मिला। जिसकी कीमत करीब 1 करोड़ 19 लाख बताई गई है। ट्रक में प्लास्टिक दाना लोड होने के कारण किसी को शक नहीं हुआ और वे आसानी से रायगढ़ के रास्ते सरगुजा जिला पार कर सूरजपुर पहुंच गए थे। अगर हादसा नहीं होता तो आरोपी पकड़े भी नहीं जाते।
पुलिस ने फरार आरोपी सुनील कुमार को पकड़ लिया है। सुनील कुमार ने बताया कि ट्रक अलीगढ़, उत्तरप्रदेश निवासी उसके साथी के नाम पर रजिस्टर्ड है। वे दोनों मिलकर ट्रक चलाते हैं। आरोपी ने बताया कि ट्रक में ओडिशा से प्लास्टिक दाना के साथ गांजा रखकर लखनऊ उत्तरप्रदेश ले जा रहे थे। पेण्डारी घाट में ट्रक के पलटने के बाद उन्होंने गांजा को सड़क किनारे गड्ढे में छिपाकर तिरपाल से ढंक दिया था। फिलहाल, पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments