रायपुर में गूंजा नशामुक्ति का संदेश: विधायक पुरंदर मिश्रा के नेतृत्व में निकली पदयात्रा, लोगों को किया जागरूक....

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की क़लम से :-
रायपुर, नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक पुरंदर मिश्रा के नेतृत्व में चल रहे नशामुक्ति जनजागरण अभियान के तीसरे दिन शहर में एक विशाल पदयात्रा निकाली गई। अंबेडकर चौक से शुरू होकर शारदा चौक तक गई इस यात्रा के दौरान विभिन्न महापुरुषों और शहीदों को नमन किया गया, साथ ही आम जनता को नशे के गंभीर परिणामों के प्रति सचेत किया गया।
पदयात्रा की शुरुआत डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक से हुई, जहां विधायक पुरंदर मिश्रा ने डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा पर फूल चढ़ाए गए। यात्रा आगे बढ़ते हुए शास्त्री चौक पहुंची, जहां देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि दी गई। जयस्तंभ चौक पर शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण कर उन्हें याद किया गया।

शारदा चौक पर नुक्कड़ सभा का आयोजन -
पदयात्रा के शारदा चौक पहुंचने पर एक नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया। इस सभा में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों को नशे से होने वाले शारीरिक, आर्थिक और पारिवारिक नुकसान के बारे में विस्तार से बताया गया। लोगों से नशामुक्त जीवन शैली अपनाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण करने की विशेष अपील की गई।
'मन की बात' से अभियान को मिली प्रेरणा -
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के नवीनतम संस्करण में भी नशामुक्ति का प्रमुखता से जिक्र किया गया। इस संदर्भ में पुरंदर मिश्रा ने कहा कि रायपुर में चलाया जा रहा यह जनजागरण अभियान प्रधानमंत्री के स्वस्थ, सशक्त और जागरूक समाज के संकल्प को जमीन पर उतारने का ही एक हिस्सा है।
अति सर्वत्र वर्जयेत: किसी भी चीज की अधिकता है नशा -
नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए पुरंदर मिश्रा ने स्पष्ट किया कि नशा केवल शराब, तंबाकू या मादक पदार्थों तक ही सीमित नहीं है। इंसान जब भी किसी चीज का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल करने लगता है, तो वह भी नशे का रूप ले लेती है। उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ समाज का निर्माण हर नागरिक और परिवार की सामूहिक जिम्मेदारी है। युवाओं और बच्चों को नशे से दूर रखकर उन्हें शिक्षा, खेल, संस्कार और रचनात्मक कार्यों से जोड़ना बेहद जरूरी है। नशामुक्ति की शुरुआत केवल अभियानों से नहीं, बल्कि अपने घर और आस-पड़ोस से होनी चाहिए।
कार्यक्रम में इनकी रही विशेष उपस्थिति -
इस पदयात्रा और जनजागरण कार्यक्रम में भाजपा के रायपुर शहर जिलाध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद, चर्म शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष ध्रुव कुमार मिर्धा, मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष आनंद निषाद, जिला उपाध्यक्ष अकबर अली, जिला महामंत्री अमित माहेश्वरी, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक पांडे, सह कार्यालय मंत्री अनूप खेलकर, जिला मंत्री अर्चना हुंकरे, एमआईसी सदस्य संतोष साहू, अवतार सिंह बागल, महेंद्र खोडियार, जोन 7 अध्यक्ष श्वेता विश्वकर्मा, मंडल अध्यक्ष राम प्रजापति और जितेंद्र गंडेचा सहित मधुसूदन शर्मा, रोहित साहू, सुमन यादव, नरेंद्र निर्मलकर और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments