खौफनाक वारदात: लिव-इन पार्टनर की हत्या कर सेप्टिक टैंक में छिपाया शव...

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
कोरबा :- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से हत्या की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक युवक पर अपनी लिव इन पार्टनर की हत्या कर उसके शव को सेप्टिक टैंक में छिपाने का आरोप लगा है। कई दिनों तक आरोपी महिला के परिजनों को गुमराह करता रहा, लेकिन रक्षाबंधन के दिन जब महिला अपने मायके नहीं पहुंची तो परिवार वालों को शक हुआ। तलाश के दौरान घर की बाड़ी में बने सेप्टिक टैंक से महिला का शव बरामद हुआ।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। यह पूरा मामला कोरबा जिले के श्यांग थाना क्षेत्र अंतर्गत बरपाली गांव का है। पुलिस के अनुसार, 33 वर्षीय संतोषी नाम की महिला आरोपी मनोज उरांव के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रही थी। बताया जा रहा है कि मनोज नशे का आदी था और दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
परिजनों के मुताबिक, 27 अगस्त को आरोपी और संतोषी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इस दौरान मनोज ने महिला के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ने शव को ठिकाने लगाने के लिए घर की बाड़ी में बने सेप्टिक टैंक का इस्तेमाल किया और शव को उसके अंदर डालकर छिपा दिया। इसके बाद आरोपी ने संतोषी के भाइयों को गुमराह किया और महिला के बारे में गलत जानकारी देता रहा।
कई दिनों तक परिवार वालों को उसकी कोई जानकारी नहीं मिली। रक्षाबंधन के मौके पर जब संतोषी अपने मायके नहीं पहुंची तो उसके भाइयों ने उसकी तलाश शुरू की। परिजनों ने जब आरोपी के घर जाकर जानकारी ली तो उन्हें कुछ संदेह हुआ। इसी दौरान उन्होंने घर की बाड़ी में बने सेप्टिक टैंक का ढक्कन खुला देखा। टैंक से दुर्गंध आने पर उन्होंने अंदर जांच की, जिसके बाद महिला का शव दिखाई दिया।
इसके बाद तत्काल मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद श्यांग थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में सेप्टिक टैंक से शव को बाहर निकलवाया और पंचनामा कार्रवाई पूरी की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सके। पुलिस ने बताया कि आरोपी मनोज उरांव घटना के बाद से फरार है।
जानकारी के अनुसार, वह 5 सितंबर से लापता है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने इलाके में चिंता का माहौल पैदा कर दिया है।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)










Comments