रेलवे ट्रैक पार कर रहे 10 मवेशियों की ट्रेन की चपेट में आने से मौत.....

ब्रेकिंग ADN न्यूज़:-
भानुप्रतापपुर:- छत्तीसगढ़ के भानुप्रतापपुर क्षेत्र में बीती रात और रविवार सुबह हुए दो अलग-अलग हादसों में 14 मवेशियों की दर्दनाक मौत हो गई। पहली घटना भैंसाकन्हार के पास हुई, जहां रेलवे ट्रैक पार कर रहे 10 मवेशी ट्रेन की चपेट में आ गए। वहीं दूसरी घटना भानुप्रतापपुर के मुख्य चौक में हुई, जहां अज्ञात ट्रक की टक्कर से चार मवेशियों ने दम तोड़ दिया। पहली घटना भैंसाकन्हार क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार बीती रात गांव के पास रेलवे ट्रैक पर अचानक ट्रेन आने से वहां मौजूद मवेशी उसकी चपेट में आ गए। हादसे में 10 मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई।
सभी मृत मवेशी गांव के पशुपालक रमेश उइके के बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद भानुप्रतापपुर एसडीएम गंगाधर वाहिले अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
इसके साथ ही पशु चिकित्सा विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और मृत मवेशियों का पोस्टमार्टम किया गया। प्रशासन की ओर से पशुपालक को नियमानुसार मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने घटना की जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई की बात कही है।
रेलवे ट्रैक पर सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
मृत मवेशियों के मालिक रमेश उइके ने रेलवे व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि गांव के पास रेलवे ट्रैक पर लंबा मोड़ है, जिसके कारण ट्रेन काफी नजदीक आने के बाद दिखाई देती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार ट्रेन चालक द्वारा हॉर्न नहीं बजाने से आसपास चर रहे मवेशियों और पशुपालकों को समय पर ट्रेन आने की जानकारी नहीं मिल पाती। उनका कहना है कि इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए रेलवे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत है, ताकि भविष्य में बेजुबान जानवरों की जान बचाई जा सके।
ख्य चौक में ट्रक की टक्कर से चार मवेशियों की मौत
वहीं दूसरी घटना भानुप्रतापपुर के मुख्य चौक की है। रविवार सुबह करीब 5 बजे एक अज्ञात ट्रक ने सड़क पर मौजूद मवेशियों को टक्कर मार दी। हादसे में चार मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने मामले की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी। पुलिस अब अज्ञात वाहन और चालक की तलाश में जुटी है।
एक दिन में दो हादसों ने बढ़ाई चिंता
एक ही दिन में दो अलग-अलग घटनाओं में 14 मवेशियों की मौत ने प्रशासनिक व्यवस्था और पशुपालकों की जिम्मेदारी दोनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रेलवे ट्रैक और सड़कों पर खुले घूमने वाले मवेशियों के कारण पहले भी कई हादसे सामने आते रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पशुपालकों को अपने मवेशियों की सुरक्षा के लिए सावधानी बरतनी चाहिए, वहीं प्रशासन को भी ऐसे स्थानों पर प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है, जहां बार-बार दुर्घटनाएं हो रही हैं।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)










Comments