दिल्ली पुलिस के हत्थे चढ़ा तीन लाख का इनामी संदिग्ध आईएस आतंकी......

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
दिल्ली पुलिस ने तीन लाख रुपये के इनामी संदिग्ध आतंकी को पकड़ा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस ने बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान के बाद इस्लामिक स्टेट आईएस से कथित रूप से जुड़े एक संदिग्ध आतंकवादी को गिरफ्तार किया है। संदिग्ध की पहचान शाहनवाज के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) काफी दिनों से इसकी तलाश कर रही थी और उस पर 3 लाख रुपये के इनाम की घोषणा की थी। इसके कुछ ही दिनों बाद दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, पेशे से इंजिनियर शाहनवाज मूल रूप से दिल्ली का रहने वाला है।
पुणे पुलिस कस्टडी से फरार होने के बाद वह दिल्ली में ठिकाना बनाकर रह रहा था। फिलहाल दिल्ली पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। गौरतलब है कि एनआईए ने हाल ही में आईएसआईएस से कथित रूप से जुड़े तीन वॉन्टेड आतंकियों पर 3 लाख का इनाम रखा हुआ था। इनमें मोहम्मद शाहनवाज आलम उर्फ शैफी उज्जमा उर्फ अब्दुल्ला के अलावा रिजवान अब्दुल हाजी अली और अब्दुल्लाह फैयाज शेख शामिल था। ये सभी पुणे आईएसआईएस केस में वॉन्टेड हैं। इन तीनों फरार आतंकियों का दिल्ली कनेक्शन सामने आने के बाद दिल्ली में इनकी तलाश कुछ दिनों पहले की गई थी।
पुलिस ने बताया कि शाहनवाज के ठिकाने से भारी मात्रा में लिक्विड केमिकल बरामद किया गया, जिसका इस्तेमाल ये तीनों आईईडी बनाने में करने वाले थे। पुलिस के मुताबिक ये आतंकी माड्यूल पूरे नॉर्थ इंडिया में सिलसिलेवार तरीके से आतंकी वारदातों को अंजाम देने की तैयारी में था। गौरतलब है कि रिजवान अली और उसके छोटे भाई को वर्ष 2018 में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एजेंसियों के साथ मिलकर पकड़ा था। एजेंसियों के मुताबिक, रिजवान और उसके भाई समेत 6 युवा आईएसआईएस की गतिविधियों में शामिल थे, लेकिन उनके खिलाफ सबूत नहीं मिले, जिसके बाद उन्हें छोड़ना पड़ा था।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)



Comments