धमतरी में ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 3.12 करोड़ की कथित ठगी...

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :- धमतरी :- छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में शेयर मार्केट और ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की कथित धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला सामने आया है। हर महीने 4 प्रतिशत मुनाफा देने का लालच देकर निवेशकों से 3 करोड़ 12 लाख रुपये से अधिक की रकम जुटाने वाले आरोपी विक्रम सिंह शाह को पुलिस ने मध्यप्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी धमतरी में 'वेल्थ ट्रैकर' नाम से कार्यालय संचालित करता था। पुलिस के मुताबिक, वह निवेशकों का भरोसा जीतने के लिए बाकायदा स्टाम्प पेपर पर नोटरीकृत इकरारनामा तैयार करवाता था और रकम की सुरक्षा के नाम पर बैंक चेक भी देता था।
मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि शुरुआत में निवेशकों को कुछ महीनों तक मुनाफा भी दिया गया, जिससे लोगों का भरोसा बढ़ता गया और उन्होंने बड़ी रकम निवेश कर दी। हालांकि, बाद में रकम लौटाना बंद कर दिया गया और आरोपी फरार हो गया। शिकायतें मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी तलाश तेज कर दी।
25 लाख रुपये के निवेश से खुली धोखाधड़ी की परतें-
इस मामले की शुरुआत बालोद जिले के गुरूर निवासी 62 वर्षीय शिवकुमार साहू की शिकायत से हुई। उन्होंने गुरूर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि शेयर बाजार में निवेश के नाम पर उनके और परिवार के सदस्यों से 25 लाख रुपये लिए गए, लेकिन बाद में रकम वापस नहीं की गई। घटना का क्षेत्र धमतरी सिटी कोतवाली के अंतर्गत आने के कारण मामले की केस डायरी वहाँ भेजी गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी विक्रम सिंह शाह कलेक्ट्रेट रोड स्थित अपने कार्यालय के माध्यम से लोगों को शेयर ट्रेडिंग में निवेश करने के लिए प्रेरित करता था। शुरुआती महीनों में मुनाफे का भुगतान होने से निवेशकों का भरोसा और मजबूत हो गया था।
कई निवेशकों से करोड़ों रुपये ठगने का आरोप-
पुलिस की अब तक की जांच में 3 करोड़ 12 लाख रुपये से अधिक की कथित धोखाधड़ी सामने आई है। जांच में कई ऐसे निवेशकों के नाम सामने आए हैं जिन्होंने बेहतर मुनाफे की उम्मीद में लाखों रुपये लगाए थे। पुलिस के अनुसार:
संगीता सिन्हा से 81 लाख रुपये
अंबिका प्रसाद सोनवानी से 60 लाख रुपये
भूषण सिन्हा से 28 लाख रुपये
चेतन सिन्हा से 16 लाख रुपये
प्रभुलाल सिन्हा से 12 लाख रुपये की धोखाधड़ी हुई है।
इसके अलावा अन्य निवेशकों की बड़ी रकम भी इस मामले से जुड़ी बताई जा रही है। शुरुआती दौर में मुनाफा मिलने से निवेशकों ने न केवल अपनी जीवनभर की बचत लगाई, बल्कि इस योजना पर अंधविश्वास भी करने लगे। बाद में भुगतान बंद होने और आरोपी का पता न चलने पर लोगों को ठगी का अहसास हुआ।
इंदौर में छिपे आरोपी तक ऐसे पहुँची पुलिस-
करोड़ों रुपये की इस आर्थिक धोखाधड़ी को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने मुख्य आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में बनी विशेष टीम ने तकनीकी जानकारी और मुखबिर तंत्र की मदद ली। इसी दौरान आरोपी के मध्यप्रदेश के इंदौर में छिपे होने की पुख्ता जानकारी मिली।
इसके बाद पुलिस टीम इंदौर रवाना हुई और घेराबंदी कर विक्रम सिंह शाह को दबोच लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के आधार पर पुलिस ने 29 अक्टूबर 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की उम्र 37 वर्ष है, जो मूल रूप से धमतरी के हटकेशर क्षेत्र का निवासी है और वर्तमान में रायपुर के अमलीडीह क्षेत्र में रह रहा था।
मोबाइल, टैबलेट और बैंक चेक जब्त-
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन, एक टैबलेट, निवेशकों से संबंधित नोटरीकृत इकरारनामे और कई बैंक चेक जब्त किए हैं। इन दस्तावेजों के जरिए यह पता लगाया जा रहा है कि निवेशकों से ठगी गई करोड़ों रुपये की रकम आखिर कहाँ खपाई गई। क्या आरोपी ने वह रकम शेयर मार्केट में लगाई थी, अन्य खातों में ट्रांसफर की थी या किसी अन्य तरीके से इस्तेमाल किया गया था। पुलिस यह भी जाँच कर रही है कि इस कृत्य में उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे।
निवेशकों के लिए पुलिस की चेतावनी-
इस बड़े मामले के सामने आने के बाद धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों के लिए सतर्कता बरतने की सलाह जारी की है। पुलिस ने कहा है कि शेयर मार्केट, ट्रेडिंग और अन्य निवेश योजनाओं में असामान्य रूप से अधिक तथा निश्चित मुनाफे का लालच देने वालों से सावधान रहने की सख्त जरूरत है। किसी भी व्यक्ति या संस्था के पास रकम निवेश करने से पहले उसकी विश्वसनीयता, पंजीकरण और वैधानिक स्थिति की भली-भांति जाँच अवश्य कर लें। केवल बैंक चेक या नोटरीकृत समझौते के आधार पर किसी भी निवेश को शत-प्रतिशत सुरक्षित मान लेना बड़ा जोखिम हो सकता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से छानबीन कर रही है। #Dhamtari #OnlineTradingFraud #ShareMarketFraud #InvestmentScam #PoliceAction #CyberCrime #FraudCase #breakingADNnews






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments