सेवा संकल्प अभियान: बलौदाबाजार-भाटापारा में महादान, 94 यूनिट रक्त एकत्रित, मंत्री टंक राम वर्मा ने बढ़ाया हौसला...

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की क़लम से :-
रायपुर/बलौदाबाजार: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक सेवा में सफल 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में एक भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जिला अस्पताल बलौदाबाजार और सिविल अस्पताल भाटापारा में आयोजित इस मानवीय पहल में युवाओं और जनप्रतिनिधियों ने भारी उत्साह दिखाया, जिसके परिणामस्वरूप कुल 94 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।
राजस्व मंत्री ने रक्तदाताओं को किया सम्मानित -
प्रदेश के राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने शिविर में पहुंचकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने युवाओं और नागरिकों को गुलाब का फूल व प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर मंत्री वर्मा ने कहा, "रक्तदान एक स्वस्थ व्यक्ति द्वारा किया जाने वाला वह पुनीत कार्य है जो किसी जरूरतमंद को नया जीवन प्रदान कर सकता है। एक यूनिट रक्त से अधिकतम तीन लोगों की जान बचाई जा सकती है। रक्त अमूल्य है, इसका दान अवश्य करें।"

जनप्रतिनिधियों ने स्वयं रक्तदान कर पेश की मिसाल -
शिविर में केवल आम नागरिक ही नहीं, बल्कि जनप्रतिनिधियों ने भी सक्रिय रूप से हिस्सा लिया। जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल और उपाध्यक्ष पवन साहू ने स्वयं रक्तदान कर समाज के सामने एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। कुल एकत्रित 94 यूनिट रक्त में से 51 यूनिट भाटापारा सिविल अस्पताल और 43 यूनिट बलौदाबाजार जिला अस्पताल में दर्ज किया गया।
कई गंभीर मरीजों को मिलेगा जीवनदान -
स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी दी कि इस एकत्रित रक्त का उपयोग सड़क दुर्घटनाओं में गंभीर रूप से घायलों, सिकलसेल पीड़ितों, गर्भवती महिलाओं और आपातकालीन शल्य चिकित्सा के दौरान जरूरतमंद मरीजों के उपचार के लिए किया जाएगा।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा, जनपद अध्यक्ष सुलोचना यदु, भारत स्काउट एंड गाइड के राज्य उपाध्यक्ष विजय केशरवानी सहित मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी और सिविल सर्जन विशेष रूप से उपस्थित रहे।





.jpg)








Comments