बस्तर में सनसनी: शोरूम की छत पर मिला युवती का शव, परिजनों ने जताई मर्डर की आशंका...

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के जगदलपुर शहर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां के कोतवाली थाना इलाके में स्थित बाफना लाइफस्टाइल गारमेंट शोरूम की छत पर एक युवती की लाश मिलने से हड़कंप मच गया है। मृतका की पहचान दीपा सागर के रूप में हुई है, जो इसी संस्थान में कार्यरत थी। इस घटना के सामने आने के बाद से इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
शरीर पर चोट के निशान, परिवार ने उठाए सवाल -
मृतका के परिजनों ने दीपा के शरीर और हाथों पर गंभीर चोट के निशान होने का दावा किया है। उनका सीधा आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि एक सोची-समझी हत्या है। परिजनों का कहना है कि दीपा ने इसी महीने की 21 तारीख को इस शोरूम में काम ज्वाइन किया था। रविवार की शाम लगभग साढ़े छह से सात बजे के बीच घर वालों की उससे फोन पर बात हुई थी। उस वक्त दीपा ने व्यस्त होने की बात कहकर बाद में कॉल करने को कहा था, जिसके बाद उसका संपर्क टूट गया।
रात साढ़े नौ बजे तक जब वह घर नहीं लौटी, तो परेशान परिजनों ने शोरूम के स्टाफ से संपर्क किया। कर्मचारियों ने बताया कि वह शाम से नजर नहीं आ रही है और उसका मोबाइल फोन दुकान में ही छूट गया है। इसके बाद कर्मचारी फोन लेकर उसके घर पहुंचे। परिजन जब रात में शोरूम पहुंचे तो ताला बंद मिला। अगले दिन सुबह फिर से जाने पर उन्हें अनहोनी की जानकारी मिली और छत पर शव मिलने की बात सामने आई।
पुलिस जांच और फॉरेंसिक टीम की एंट्री -
सूचना मिलते ही स्थानीय कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को भी बुलाया है। इसके अलावा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और कॉल डिटेल्स रिकॉर्ड (CDR) खंगाले जा रहे हैं ताकि आखिरी पलों की हर गतिविधि का पता चल सके।
पुलिस का शुरुआती बयान और सुसाइड नोट-
इस मामले में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी लीलाधर राठौर का कहना है कि शुरुआती तफ्तीश के दौरान आत्महत्या की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस को मौके से एक कथित सुसाइड नोट मिलने की बात भी सामने आ रही है। हालांकि, अधिकारियों का यह भी मानना है कि मौत के असली कारणों से पर्दा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच की फाइनल रिपोर्ट आने के बाद ही उठेगा। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की गहराई से पड़ताल कर रही है।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments