रायपुर : गणेश विसर्जन और झांकी को लेकर पुलिस अलर्ट: 1000 जवान तैनात, ड्रोन से निगरानी...

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
रायपुर: गणेश विसर्जन और झांकियों को लेकर रायपुर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व यातायात व्यवस्था का पूरा प्लान तैयार कर लिया है। शहर में शांतिपूर्ण तरीके से विसर्जन संपन्न कराने के लिए 1000 से ज्यादा पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी, साथ ही झांकी के रूट पर ड्रोन और खुफिया कैमरों से विशेष निगरानी रखी जाएगी।
बुधवार को C-4 भवन में गणेश उत्सव समितियों के आयोजकों की एक अहम बैठक हुई। इस बैठक में पुलिस, जिला प्रशासन, नगर निगम, PWD, स्वास्थ्य विभाग और SDRF के अधिकारियों ने सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए।
तालाबों में विसर्जन पर सख्त प्रतिबंध -
पुलिस और प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन केवल निर्धारित स्थानों पर ही किया जाएगा। खारून नदी, तेलीबांधा तालाब और बूढ़ातालाब समेत शहर के किसी भी तालाब में प्रतिमा विसर्जन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। निगम अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि तालाबों में विसर्जन करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी और चालान काटा जाएगा। विसर्जन के लिए महादेव घाट स्थित कुंड का ही उपयोग करना होगा, जबकि छोटी प्रतिमाओं के लिए अस्थायी कुंड बनाए जाएंगे।
महिलाओं की सुरक्षा के लिए सादे कपड़ों में पुलिस -
झांकी और विसर्जन के दौरान भीड़ में महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। मनचलों और छेड़छाड़ करने वालों पर नजर रखने के लिए महिला पुलिसकर्मियों को सिविल ड्रेस (सादे कपड़ों) में तैनात किया जाएगा। इसके अलावा, संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की विशेष टीमें लगातार संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी करेंगी।
डीजे के वाइब्रेशन पर रोक, नशे और हथियारों पर भी पाबंदी -
बैठक में झांकी के दौरान डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित नियमों के तहत ही करने के निर्देश दिए गए हैं। सदर बाजार क्षेत्र में मौजूद जर्जर भवनों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए डीजे का बेस (Bass) और वाइब्रेशन मोड पूरी तरह बंद रखने पर समितियों ने सहमति जताई है। झांकी में नशे का सेवन करने, हथियार या कोई भी धारदार वस्तु रखने पर पूर्णतः रोक रहेगी। आयोजकों को पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित वॉलंटियर्स रखने और उन्हें पहचान पत्र जारी करने को कहा गया है।
महादेव घाट पर चाक-चौबंद व्यवस्था -
डीसीपी अर्चना झा ने बताया कि सुरक्षा प्लान के तहत लगातार रूट की मॉनिटरिंग की जाएगी। महादेव घाट स्थित विसर्जन कुंड में व्यवस्थाओं के लिए नगर निगम ने समिति गठित कर दी है। यहां 25 सितंबर सुबह 6 बजे से 1 अक्टूबर सुबह 6 बजे तक अधिकारियों और कर्मचारियों की शिफ्ट में ड्यूटी रहेगी। सुरक्षा के लिहाज से घाट पर गोताखोर, मोटर बोट, एंबुलेंस, मेडिकल टीम और अग्निशमन (फायर ब्रिगेड) वाहन तैनात रहेंगे।
भारी वाहनों की एंट्री रहेगी बैन (ट्रैफिक एडवाइजरी) -
विसर्जन के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए शहर में भारी वाहनों की एंट्री बैन रहेगी। सभी प्रकार के मालवाहक वाहनों को रायपुरा चौक पर ही रोक दिया जाएगा। जिन वाहनों को अम्लेश्वर से रायपुर की ओर आना है, वे अम्लेश्वर-कुम्हारी-टाटीबंध होकर या खुड़मुड़ा-भाठागांव के वैकल्पिक मार्ग का उपयोग कर सकेंगे। विसर्जन के बाद वाहनों की वापसी महादेव घाट तिराहा से एनीकट मार्ग, भाठागांव चौक और रिंग रोड-1 से होकर की जाएगी।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)











Comments