रायगढ़ पुलिस का 'साइबर चौपाल': डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए चलाया जा रहा विशेष अभियान...

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
रायगढ़। तेजी से बढ़ते साइबर अपराधों पर नकेल कसने और आम जनता को सुरक्षित डिजिटल लेनदेन के प्रति जागरूक करने के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस का प्रदेशव्यापी “साइबर जागृति अभियान” जोरों पर है।
इसी कड़ी में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में रायगढ़ जिले के सभी थाना क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। हाल ही में भूपदेवपुर पुलिस ने मुख्य मार्गों पर राहगीरों को एकत्रित कर उन्हें साइबर ठगी के नए पैंतरों और उनसे बचाव की बारीकियां समझाईं।
ठगों के नए हथकंडों से रहें सावधान -
पुलिस ने आमजनों को आगाह किया कि आजकल ठग फर्जी बैंक कॉल, KYC अपडेट, OTP, और UPI के जरिए लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। इसके अलावा अनजान लिंक्स, QR कोड स्कैनिंग, फर्जी जॉब ऑफर और निवेश के नाम पर भी बड़ा फर्जीवाड़ा हो रहा है। नागरिकों को स्पष्ट तौर पर समझाया गया कि बैंक या कोई भी संस्था कभी भी फोन पर OTP, CVV, या UPI पिन जैसी गोपनीय जानकारी नहीं मांगती। सबसे अहम बात यह बताई गई कि 'पैसे प्राप्त करने के लिए कभी भी UPI पिन डालने की जरूरत नहीं होती है', पिन का इस्तेमाल केवल पैसे भेजने के लिए होता है।
'डिजिटल अरेस्ट' का खौफ महज एक धोखा -
आजकल साइबर अपराधी खुद को पुलिस, CBI, ED या RBI का अधिकारी बताकर वीडियो कॉल के जरिए लोगों को डराते हैं और 'डिजिटल अरेस्ट' का डर दिखाकर पैसों की उगाही करते हैं। पुलिस ने साफ किया कि कोई भी वास्तविक सरकारी एजेंसी फोन या वीडियो कॉल पर अरेस्ट कर पैसे जमा करने को नहीं कहती। ऐसी कॉल्स आने पर बिल्कुल न घबराएं, तुरंत फोन काटें और स्थानीय पुलिस को सूचना दें।
ठगी होने पर तुरंत डायल करें 1930 -
सोशल मीडिया पर अपनी निजी जानकारी, तस्वीरें या वीडियो अजनबियों के साथ साझा न करने की भी सख्त हिदायत दी गई है। किसी भी लुभावने ऑफर पर आंख मूंदकर भरोसा न करें। पुलिस ने बताया कि साइबर फ्रॉड होने पर शुरुआती समय बहुत कीमती होता है। ठगी का अहसास होते ही बिना देरी किए हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या 'राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल' पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं ताकि आपके पैसे को होल्ड कराया जा सके।
गांव-गांव लगेगी 'साइबर चौपाल' -
15 अगस्त से शुरू हुआ यह जागरूकता अभियान 2 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। इसके सातवें सप्ताह (27 सितंबर से 2 अक्टूबर) के दौरान रायगढ़ पुलिस अपना ध्यान ग्रामीण और अर्ध-शहरी इलाकों पर केंद्रित कर रही है। इन क्षेत्रों में 'साइबर चौपाल' लगाकर पुलिस सीधा जनता से संवाद करेगी, ताकि हर एक नागरिक डिजिटल रूप से साक्षर और सुरक्षित बन सके।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments