रायगढ़: इस्कॉन के तीन दिवसीय जन्माष्टमी महोत्सव का भव्य समापन....

ब्रेकिंग ADN न्यूज़:-
रायगढ़:- इस्कॉन प्रचार केंद्र रायगढ़ के तीन दिवसीय जन्माष्टमी महामहोत्सव का भव्य समापन हुआ। होटल अंश के सभागार में आयोजित अंतिम दिन के कार्यक्रम में कृष्ण भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। हरे कृष्ण महामंत्र के संकीर्तन से लेकर बाल महोत्सव, कृष्णलीला के म्यूजिकल मंचन, महाभिषेक और पुष्पाभिषेक में करीब 10 हजार श्रद्धालुओं ने सहभागिता की और प्रसादम ग्रहण किया।
नन्हे बच्चों ने मोह लिया मन
महोत्सव की शुरुआत बाल महोत्सव से हुई। नन्हे बच्चे श्रीकृष्ण, राधा और अन्य देवी-देवताओं के स्वरूप में सजकर पहुंचे। फैंसी ड्रेस, भक्ति गीत, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। इसके बाद कृष्ण की लीलाओं पर आधारित म्यूजिकल नाट्य प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। 4 और 5 सितंबर को आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी इस दौरान पुरस्कृत किया गया।
‘हरे कृष्ण, हरे राम’ के जयघोष से गूंजा सभागार
महोत्सव का प्रमुख आकर्षण हरे कृष्ण संकीर्तन रहा। महामंत्र की धुन शुरू होते ही बच्चे, युवा और बुजुर्ग श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए। पूरा सभागार ‘हरे कृष्ण, हरे राम’ के जयघोष से गूंज उठा। इस्कॉन रायपुर के मुख्य पुजारी एवं इस्कॉन प्रचार केंद्र रायगढ़ के प्रभारी मिथिलापति प्रभु ने बताया कि रायगढ़ में इस्कॉन की ओर से चौथी बार जन्माष्टमी का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि संकीर्तन लोगों को भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति और सकारात्मकता से जोड़ने का माध्यम है।
51 द्रव्यों से हुआ महाभिषेक
आयोजन के दौरान श्रीकृष्ण को पालकी में विराजित कर महाभिषेक कराया गया। 51 प्रकार के द्रव्यों से अभिषेक के बाद पुष्पाभिषेक किया गया। महाआरती और जयकारों के साथ जन्माष्टमी महामहोत्सव का समापन हुआ। रायगढ़ के अलावा राजनांदगांव, खैरागढ़, रायपुर, भिलाई और भुवनेश्वर से भी श्रद्धालु आयोजन में शामिल हुए।
प्रस्तावित इस्कॉन मंदिर का डिजाइन लॉन्च
महोत्सव के दौरान रायगढ़ में प्रस्तावित इस्कॉन मंदिर का डिजाइन भी लॉन्च किया गया। मंदिर निर्माण के लिए कम से कम ढाई एकड़ जमीन की तलाश की जा रही है। प्रस्तावित परिसर में मुख्य मंदिर के साथ गोविंदा रेस्टोरेंट, गौशाला, गेस्ट हाउस, पार्किंग और विशाल लॉन विकसित करने की योजना है।





.jpg)








Comments