रायगढ़ में बाढ़ का कहर: प्रभावितों का हाल जानने नाव से जलमग्न गांवों में पहुंचे वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी....

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
चक्रवाती तूफान 'अर्नब' के कारण महानदी के जलस्तर में हुई भारी बढ़ोतरी ने रायगढ़ जिले की सरिया तहसील में बाढ़ के गंभीर हालात पैदा कर दिए हैं। इस प्राकृतिक आपदा और संकट की घड़ी में प्रदेश के वित्त मंत्री और रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने खुद मोर्चा संभाल लिया है। प्रभावितों का दर्द साझा करने के लिए वे राहत और बचाव दल के साथ नाव पर सवार होकर सीधे ग्राउंड जीरो (प्रभावित इलाकों) पर जा पहुंचे।
वित्त मंत्री ने बाढ़ की चपेट में आए बोरिदा, ठेंगागुरी और तोरा जैसे पूरी तरह जलमग्न हो चुके गांवों का जमीनी दौरा किया। चारों ओर से पानी से घिरे इन इलाकों में पहुंचकर उन्होंने महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और युवाओं से सीधा संवाद किया तथा उनकी परेशानियों और तत्काल जरूरतों को समझा। चौधरी ने ग्रामीणों को ढांढस बंधाते हुए पूरा भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार इस विपदा में उन्हें बिल्कुल अकेला नहीं छोड़ेगी और उनकी सुरक्षा के लिए हरसंभव कदम उठाए जा रहे हैं।
अधिकारियों को दिए राहत व्यवस्था के सख्त निर्देश -
ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए वित्त मंत्री ने कहा, "आप घबराएं नहीं, पूरी सरकार और प्रशासन मजबूती से आपके साथ खड़ा है।" नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ पीड़ितों के लिए तुरंत भोजन, शुद्ध पेयजल, दवाइयां और अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
इसके साथ ही, उन्होंने अधिकारियों को बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की जरूरतों पर विशेष ध्यान देने और आवश्यकता पड़ने पर ग्रामीणों को फौरन सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने के निर्देश भी दिए। फिलहाल प्रशासन महानदी के बढ़ते जलस्तर और प्रभावित गांवों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और राहत व बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी हैं।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)










Comments