बदहाल सड़कें बनीं छत्तीसगढ़ की पहचान, विकास के दावों की खुल रही पोल: कांग्रेस...

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की कलम से :-
रायपुर: छत्तीसगढ़ की सड़कों की खस्ता हालत को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने बयान जारी करते हुए कहा कि उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव प्रदेश की सड़कों की मरम्मत कराने में पूरी तरह नाकाम साबित हुए हैं। नई सड़कें बनाना तो दूर की बात, पुरानी सड़कों की सुध लेना भी सरकार भूल चुकी है।
उन्होंने आंकड़े रखते हुए कहा कि प्रदेश में आज 10 हजार किलोमीटर से अधिक सड़कें ऐसी हैं जो चलने लायक ही नहीं बची हैं, जिसका सीधा खामियाजा आम जनता और वाहन चालकों को भुगतना पड़ रहा है। भाजपा सरकार के कार्यकाल में जर्जर और गड्ढों से भरी सड़कें ही छत्तीसगढ़ की पहचान बन चुकी हैं। सड़कों के बड़े-बड़े गड्ढे, उड़ती धूल और खराब होती गाड़ियां सरकार के विकास के दावों की सच्चाई खुद-ब-खुद बयां कर रही हैं।
आपातकालीन सेवाएं और आम जनजीवन प्रभावित -
कांग्रेस प्रवक्ता ने आगे कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के समय सड़क निर्माण और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए ठोस काम किए गए थे। मगर मौजूदा सरकार उन व्यवस्थाओं को भी बनाए रखने में विफल रही है। खराब सड़कों के कारण रोजाना लोगों को भारी जोखिम उठाना पड़ रहा है। एंबुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाएं समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पा रही हैं। इसके अलावा व्यापारी, किसान, विद्यार्थी और नौकरीपेशा वर्ग भी इस बदहाली से त्रस्त हो चुका है।
सर्वे करवाकर प्राथमिकता पर हो मरम्मत -
कांग्रेस पार्टी ने मांग की है कि प्रदेश की सभी प्रमुख सड़कों का तत्काल सर्वे कराया जाए और क्षतिग्रस्त मार्गों की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत हो। सरकार को यह समझना होगा कि सड़कें सिर्फ विज्ञापनी दावों से नहीं, बल्कि ज़मीनी काम से सुधरती हैं।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments