खरोरा में सट्टेबाजों पर पुलिस की बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक: के पास 4 गिरफ्तार....

ब्रेकिंग ADN न्यूज़: -
रायपुर (ग्रामीण)। जिले में अवैध जुआ और सट्टा कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। खरोरा पुलिस टीम ने महामाया अस्पताल के समीप दबिश देकर सट्टे का अवैध कारोबार संचालित कर रहे चार आरोपियों को रंगे हाथों धर दबोचा है। पुलिस की इस छापेमारी में पकड़े गए सटोरियों में इलाके का जाना-माना नाम रिंकू भी शामिल है। टीम ने इनके पास से हजारों रुपये नकद और भारी मात्रा में सट्टा-पट्टियां बरामद की हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28 सितंबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से गुप्त सूचना मिली थी कि खरोरा स्थित महामाया अस्पताल के आस-पास कुछ लोग अवैध रूप से सट्टा पट्टी लिखने का काम कर रहे हैं। इस पुख्ता सूचना पर त्वरित संज्ञान लेते हुए खरोरा थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर छापेमारी की।
इस दौरान मौके पर सट्टा खिलाते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों की शिनाख्त सतविन्दर सिंग बग्गा उर्फ़ रिंकू, जगमोहन नशीने (67 वर्ष), बसंत देवांगन (40 वर्ष) और धर्मेन्द्र देवांगन (40 वर्ष) के रूप में हुई है। ये सभी आरोपी खरोरा के वार्ड क्रमांक 5 के ही रहने वाले हैं। जब पुलिस ने इनकी सघन तलाशी ली, तो उनके कब्जे से कुल 64 सट्टा-पट्टियां, 34 हजार 670 रुपये की नकदी और 4 मोबाइल फोन बरामद हुए, जिन्हें पुलिस ने तत्काल जब्त कर लिया है।
अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर भेजा जेल -
इस पूरे प्रकरण में खरोरा पुलिस ने अपराध क्रमांक 472/25 के तहत मामला पंजीबद्ध किया है। सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 के अंतर्गत अपराध दर्ज कर उन्हें विधिवत न्यायालय में पेश किया गया, जहां से चारों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
सट्टेबाजों के खिलाफ हुई यह सफल कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के सख्त निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चंचल तिवारी के मार्गदर्शन और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (विधानसभा) वीरेन्द्र चतुर्वेदी के पर्यवेक्षण में पूरी की गई।
खरोरा पुलिस अब यह पता लगाने में जुट गई है कि इन सटोरियों का नेटवर्क किन-किन इलाकों तक फैला हुआ है। इसके लिए जब्त किए गए मोबाइल फोनों और अन्य सामग्रियों की भी बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस का स्पष्ट कहना है कि इलाके में अवैध सट्टा और जुआ कारोबार के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)











Comments