PG में छात्र की चाकू मारकर हत्या, दुर्ग में मामूली विवाद बना जानलेवा...

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
दुर्ग :- छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में हत्या की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। हैरिटेज स्कूल के पीछे हरिनगर स्थित एक पीजी में मामूली विवाद ने देखते ही देखते खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि सिगरेट मांगने और महिला मित्र से कथित दुर्व्यवहार को लेकर हुए विवाद के बाद 26 वर्षीय युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। गंभीर रू से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पूरा मामला मोहन नगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान चित्रेश सहारे (26) के रूप में हुई है। एएसपी शोभराज अग्रवाल ने बताया कि सोमवार दोपहर चित्रेश अपने दोस्त रवि के पीजी रूम में एक महिला मित्र के साथ पहुंचा था। इसी दौरान पीजी में रहने वाले वैभव और राजकुमार यादव से किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विवाद की शुरुआत सिगरेट मांगने को लेकर हुई थी। इसी दौरान महिला मित्र के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किए जाने की बात सामने आने के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव और बढ़ गया। पहले कहासुनी हुई और फिर मामला गाली-गलौज तथा हाथापाई तक पहुंच गया।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर वैभव और राजकुमार ने चित्रेश के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान चाकू से हमला कर दिया गया। चाकू चित्रेश के पैर और जांघ के हिस्से में लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर हालत में चित्रेश को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही उसके परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही मोहन नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। मृतक के शव को जिला अस्पताल दुर्ग की मर्चुरी में रखवाया गया है, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस ने इस मामले में वैभव मानकर (23) और राजकुमार यादव को हिरासत में लिया है। दोनों से घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और चाकू से हमला किस परिस्थिति में किया गया।
पुलिस पीजी में मौजूद अन्य लोगों से भी जानकारी जुटा रही है, ताकि घटनाक्रम की पूरी कड़ी स्पष्ट हो सके। घटना के दौरान कौन-कौन मौके पर मौजूद था, विवाद कितनी देर चला और हमला किसने किया, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। एक मामूली कहासुनी के बाद युवक की जान चले जाने की इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। फिलहाल पुलिस ने दोनों संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में रखा है और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)



Comments