छत्तीसगढ़ के 26वें स्थापना दिवस पर जशपुर में राज्योत्सव का भव्य आयोजन, स्वास्थ्य सेवाओं और विकास को मिली नई गति....

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की कलम से :-
छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के 26 गौरवशाली वर्ष पूरे होने के अवसर पर जिला मुख्यालय के रणजीता स्टेडियम में भव्य राज्योत्सव समारोह का आयोजन किया गया। इस वर्ष के समारोह की मुख्य थीम 'सशक्त नारी, युवा उड़ान' रखी गई थी, जिसके माध्यम से महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसरों पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने बताया कि पिछले 26 वर्षों में प्रदेश ने कृषि, आवास, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। राज्य गठन के समय जहां प्रदेश का बजट लगभग 5,500 करोड़ रुपये था, वह अब बढ़कर पौने दो लाख करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है, जो यहां की बदलती आर्थिक तस्वीर को दर्शाता है। जशपुर जिले में भी विकास कार्यों को तेज गति दी जा रही है।

चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार -
जशपुर में स्वास्थ्य और शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए कई अहम कदम उठाए जा रहे हैं। जिले में मेडिकल कॉलेज की शुरुआत हो चुकी है और जल्द ही नर्सिंग कॉलेज तथा फिजियोथेरेपी कॉलेज भी प्रारंभ किए जाएंगे। इसके अलावा, योग और प्राकृतिक चिकित्सा को बढ़ावा देने के लिए नेचुरोपैथी अस्पताल का निर्माण भी कराया जा रहा है, जिससे स्थानीय स्तर पर ही आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी और मरीजों को बड़े शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
कृषि, आवास और कनेक्टिविटी पर जोर -
राज्य सरकार द्वारा किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष 15 नवंबर से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की शुरुआत की जा रही है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बड़ी मजबूती मिलेगी। साथ ही, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जरूरतमंदों को पक्के मकान उपलब्ध कराने का कार्य तेजी से चल रहा है।

परिवहन और आवागमन को बेहतर बनाने के लिए धरमजयगढ़-पत्थलगांव-लोहरदगा रेल लाइन परियोजना और भारतमाला सड़क परियोजना (पत्थलगांव से धनबाद) पर कार्य प्रगति पर है, जिससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार होगा। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया और क्षेत्र के समग्र विकास पर अपने विचार साझा किए।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments