टमाटर की आधुनिक खेती ने बदली किसान शाहिद की तकदीर, दो एकड़ में कमा डाले 1.20 लाख रुपये....

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की क़लम से:-
रायपुर, राज्य सरकार द्वारा किसानों को पारंपरिक फसलों से आगे बढ़ाकर आधुनिक एवं व्यावसायिक खेती से जोड़ने के लगातार सार्थक परिणाम सामने आ रहे हैं। इसी कड़ी में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के गौरेला विकासखंड अंतर्गत आने वाले ग्राम सारबहरा के प्रगतिशील किसान शाहिद जमा खान ने नया मुकाम हासिल किया है। उन्होंने वैज्ञानिक और उन्नत तरीकों से टमाटर की खेती कर न केवल बेहतरीन पैदावार ली है, बल्कि शानदार मुनाफा भी कमाया है।
वैज्ञानिक तरीकों और बेहतर प्रबंधन से हुआ बंपर मुनाफा -
किसान शाहिद जमा खान ने करीब 2 एकड़ भूमि पर टमाटर की फसल उगाई थी। आधुनिक कृषि तकनीकों, सही समय पर खाद-बीज के प्रबंधन और फसल की नियमित देखरेख के दम पर उनकी यह फसल बेहद शानदार रही। इसके जरिए उन्हें अब तक लगभग 1 लाख 20 हजार रुपये की शुद्ध आमदनी प्राप्त हुई है। उनकी यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि यदि सही दिशा और आधुनिक तकनीकों को अपनाया जाए, तो खेती को एक बेहद लाभ का सौदा बनाया जा सकता है।
उद्यानिकी विभाग का मिला संबल -
शाहिद जमा खान का कहना है कि उन्हें खेती-किसानी के दौरान उद्यानिकी विभाग से लगातार अमूल्य सहयोग और तकनीकी मार्गदर्शन मिलता रहा है। विभाग द्वारा समय-समय पर चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी और फसल सुरक्षा के उपायों ने उनकी राह को और आसान कर दिया। विभागीय सहयोग और खुद की कड़ी मेहनत के तालमेल से उन्होंने कृषि को अपनी आमदनी का एक मजबूत जरिया बना लिया है।
क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए बनी मिसाल -
छत्तीसगढ़ में कृषि विविधीकरण को बढ़ावा मिलने के कारण आज प्रदेश के किसान न केवल अपनी आय बढ़ा रहे हैं, बल्कि आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर भी हो रहे हैं। शाहिद जमा खान की यह सफलता क्षेत्र के बाकी किसानों के लिए भी एक बड़ी प्रेरणा बन गई है। उनकी यह पहल साबित करती है कि आधुनिक सोच और उन्नत कृषि पद्धतियां किसानों की तकदीर बदलने में पूरी तरह सक्षम हैं।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)



Comments