मिशनरी स्कूल के प्रिंसिपल पर महिला कर्मचारी से दुष्कर्म और गर्भपात कराने का गंभीर आरोप....

ब्रेकिंग ADN न्यूज़:- रांची। झारखंड के गोड्डा जिले में कैथोलिक मिशनरी स्कूल से जुड़े एक फादर पर महिला कर्मचारी ने बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का आरोप है कि फादर ने उसके साथ बार-बार दुष्कर्म किया, गर्भ ठहरने पर जबरन गर्भपात की दवा दी और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। गर्भपात के बाद महिला की तबीयत अधिक बिगड़ने पर उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा, जहाँ उसकी हालत नाजुक बनी हुई थी। आरोपी की पहचान जोसेफ सोरेन के रूप में हुई है, जो संत अलफोंसा स्कूल का प्रिंसिपल भी बताया गया है। घटना के सामने आने के बाद से आरोपी फरार चल रहा है, और मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नौकरी का झांसा देकर बनाया शिकार
महिला ने अपनी पुलिस शिकायत में बताया कि उसे गोड्डा जिले के तिलाबाद मिशन में कुक की नौकरी दिलाने के बहाने बुलाया गया था। आरोप है कि इसके बाद फादर जोसेफ सोरेन ने उसे डराया-धमकाया और लगातार उसका शारीरिक शोषण किया।
गर्भपात के बाद बिगड़ी तबीयत
पीड़िता के अनुसार, जब वह गर्भवती हो गई, तो आरोपी फादर ने उसे गर्भपात की दवा दी। दवा खाने के बाद उसे अत्यधिक रक्तस्राव (ब्लीडिंग) होने लगा। हालत गंभीर होने पर उसे गोड्डा के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसके गर्भाशय की सफाई (D&C) की गई। इसके बावजूद ब्लीडिंग रुक नहीं रही थी, जिससे उसकी स्थिति और बिगड़ गई और उसे एक यूनिट खून चढ़ाना पड़ा। महिला का आरोप है कि इलाज में करीब 60,000 रुपये खर्च होने की बात कहकर आरोपी फादर ने उसे ही इसकी वसूली करने की धमकी दी। साथ ही, प्रक्रिया से इनकार करने पर नौकरी से निकलवाने की धमकी भी दी जाती थी।
पुलिस और प्रशासन का पक्ष
गोड्डा के एसडीपीओ आकाश भारद्वाज ने एफआईआर दर्ज होने की पुष्टि करते हुए बताया कि सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र में एक संदिग्ध के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच अभी शुरुआती चरण में है, इसलिए फिलहाल ज्यादा जानकारियां साझा नहीं की जा सकतीं। वहीं, गोड्डा के एसपी मुकेश कुमार ने इस मामले पर कैमरे के सामने कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया है।
राजनीतिक प्रतिक्रिया
इस पूरे मामले पर केंद्रीय राज्य मंत्री संजय सेठ ने झारखंड सरकार को घेरा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर दावा किया कि पीड़ित महिला आदिवासी समुदाय से ताल्लुक रखती है। उन्होंने इस घटना को संथाल परगना में आदिवासी बेटियों पर हो रहे अत्याचार का एक और उदाहरण बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि इलाके में आदिवासी महिलाओं को लगातार निशाना बनाया जा रहा है और उनकी जमीनों पर कब्जे हो रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग और पुलिस प्रशासन को भी टैग किया है। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की सच्चाई जांच के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी, और आरोपी पक्ष का बयान आना अभी बाकी है।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments