महासमुंद में बड़ा हादसा: NH-53 पर जलकर खाक हुए दो ट्रक, ड्राइवर ने बचाई जान...

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
पिथौरा: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के अंतर्गत आने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-53 (NH-53) पर शनिवार की देर रात एक भीषण सड़क हादसा सामने आया। लाखागढ़ के पास अचानक दो ट्रकों में आग लग गई, जिससे दोनों वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए। गनीमत यह रही कि एक ट्रक के चालक ने वक्त रहते कूदकर अपनी जान बचा ली।
कैसे हुई घटना ?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चावल से भरा एक ट्रक तकनीकी खराबी आने के कारण लाखागढ़ के पास सड़क किनारे खड़ा किया गया था। इसी दौरान पिथौरा की तरफ से सरायपाली की ओर जा रहा दूसरा ट्रक, जिसमें दोना-पत्तल और राशन का सामान लोड था, वहां से गुजर रहा था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि चलते हुए वाहन के इंजन में अचानक शॉर्ट सर्किट या अन्य कारणों से आग भड़क उठी।
देखते ही देखते धू-धूकर जले वाहन -
चलते ट्रक में लगी आग इतनी तेजी से फैली कि उसने कुछ ही पलों में सड़क किनारे खड़े चावल से लदे दूसरे ट्रक को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की विकराल लपटों और धुएं के गुबार से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
दमकल की गाड़ियों ने पाया काबू -
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। आग की भीषणता को देखते हुए महासमुंद, बागबाहरा और सरायपाली से फायर ब्रिगेड (दमकल) की गाड़ियों को तुरंत रवाना किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पाया। फिलहाल पुलिस आग लगने के वास्तविक कारणों की गंभीरता से जांच कर रही है।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)



Comments