मां महामाया मंदिर: नवरात्रि पर दीपों से जगमगाएगा घुटकू.....

ब्रेकिंग ADN न्यूज़:-
घुटकू (बिलासपुर): शारदीय नवरात्रि पर्व को लेकर घुटकू स्थित प्रसिद्ध मां महामाया मंदिर सहित क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। नवरात्रि के पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए मंदिर परिसर की साफ-सफाई, साज-सज्जा, विद्युत व्यवस्था और पूजा-अर्चना से संबंधित तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
देशी ही नहीं, विदेशी श्रद्धालु भी जलाते हैं आस्था के दीप
घुटकू के मंदिरों की धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्ता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यहां देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। श्रद्धालु आस्था और श्रद्धा के साथ दीप प्रज्वलित कर मां महामाया के दरबार में शीश नवाते हैं। मंदिर परिसर में प्रज्वलित होने वाले दीप श्रद्धा, विश्वास और आध्यात्मिक एकता का प्रतीक बनकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना देते हैं।
विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों का होगा आयोजन
नवरात्रि के नौ दिनों तक मां महामाया मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना, महाआरती एवं धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा। मंदिर परिसर को आकर्षक लाइटों और फूलों से सजाया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुगम दर्शन को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
आदि शक्ति सेवा संस्थान जुटा व्यवस्थाओं में
'आदि शक्ति सेवा संस्थान, घुटकू' द्वारा नवरात्रि पर्व की तैयारियों को लेकर विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। संस्था के अध्यक्ष मुकेश पाठक, संरक्षक कृष्णा सोनी, नंदकुमार यादव, कोषाध्यक्ष किशोर पटेल, सचिव रवि सोनी एवं सह-सचिव भोजराज पटेल सहित समिति के सभी सदस्य मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं में सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।
पुजारी ने की व्यवस्था में सहयोग की अपील
मंदिर के पुजारी अंकित गौरहा ने बताया कि नवरात्रि के दौरान मां महामाया के दर्शन एवं पूजन के लिए भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसे देखते हुए सभी धार्मिक अनुष्ठानों की विशेष तैयारी की जा रही है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर माता का आशीर्वाद प्राप्त करें और मंदिर की व्यवस्थाओं को बनाए रखने में सहयोग करें। नवरात्रि पर्व के नजदीक आते ही पूरे घुटकू क्षेत्र में उत्साह और भक्ति का माहौल व्याप्त है। जब मंदिर परिसर दीपों से जगमगाएगा और माता के जयकारों से गूंजेगा, तब पूरा क्षेत्र भक्ति रस में सराबोर नज़र आएगा।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments