झांसी: अघोरी बाबा के भेष में ज्वैलरी शॉप से ठगी......

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
झांसी: मऊरानीपुर के सर्राफा बाजार में बुधवार दोपहर एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई। यहां 'एमजी ज्वैलर्स' नाम की दुकान में अघोरी बाबा के भेष में आए एक ठग ने व्यापारी को अपनी बातों में इस कदर उलझाया कि वह करीब 10 ग्राम सोना और हजारों रुपये की नकदी लेकर आसानी से फरार हो गया। यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
क्या है पूरा मामला ?
दुकानदार संतोष रैकवार के मुताबिक, बुधवार दोपहर करीब 12 बजे एक व्यक्ति बाबा के भेष में दुकान पर आया। उसके गले में माला और माथे पर भस्म लगी थी। उसने पायल दिखाने की बात कहकर बातचीत शुरू की। व्यापारी का आरोप है कि बाबा ने उसे अपनी बातों में इस तरह सम्मोहित किया कि उसने खुद ही उसे 10 ग्राम सोना और 50 हजार रुपये की गड्डी सौंप दी।
आरोप है कि ठग ने उस गड्डी में से 17 हजार रुपये निकाल लिए और बाकी रकम वापस कर दी। इसके बाद वह आराम से दुकान से बाहर निकल गया। व्यापारी का कहना है कि आरोपी के जाने के कुछ देर बाद उसे ठगी का एहसास हुआ, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। चोरी गए 10 ग्राम सोने की कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात -
इस घटना का सीसीटीवी फुटेज पुलिस की जांच का अहम हिस्सा बन गया है। फुटेज में साधु के भेष में नजर आ रहा व्यक्ति दुकान के काउंटर पर बैठकर व्यापारी से बातचीत और हाथों से इशारे करता दिखाई दे रहा है। कुछ देर बाद वह काउंटर की तरफ हाथ बढ़ाता है और फिर दुकान से निकल जाता है। आसपास के लोगों के मुताबिक, दुकान से निकलने के बाद वह सौरभ स्वीट हाउस के पास से एक रिक्शे में बैठकर भाग निकला।
व्यापारियों में रोष, पुलिस कर रही तलाश -
घटना की सूचना मिलते ही सर्राफा बाजार के पूर्व अध्यक्ष अनिल सोनी सहित कई व्यापारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बाजार में सुरक्षा और गश्त बढ़ाने की मांग की है।
व्यापारी द्वारा लगाए गए 'सम्मोहन' के आरोप पर मऊरानीपुर के सीओ रत्नेश्वर सिंह ने स्पष्ट किया है कि शुरुआती जांच में सम्मोहन जैसी कोई बात सामने नहीं आई है। ठग ने केवल चालाकी से व्यापारी को बातों में उलझाकर वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस शातिर ठग पर अन्य जगहों पर भी इसी तरह की वारदातें करने का संदेह है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी की तलाश में जुट गई है।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments