महानदी का जलस्तर बढ़ने से जांजगीर-चांपा प्रशासन अलर्ट, शिवरीनारायण पुल पर आवागमन बंद.....
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर महानदी के तटीय क्षेत्रों में राहत-बचाव के लिए प्रशासन मुस्तैद...

कलेक्टर-एसपी ने शिवरीनारायण पहुंचकर बैराज, पुल और प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण...
प्रभावित नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, राहत शिविर में भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सहित सभी जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित...
पुल पर बढ़ते जलप्रवाह को देखते हुए आवागमन बंद, संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी...
पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की कलम से :-
जांजगीर-चांपा जिले में महानदी के उफान पर होने के कारण तटीय इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद हो गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कलेक्टर जन्मेजय महोबे और एसपी विजय कुमार पांडेय ने खुद शिवरीनारायण पहुंचकर बैराज, पुल और नदी के किनारे वाले क्षेत्रों का मुआयना किया। पुल के ऊपर से पानी का तेज बहाव होने के कारण सुरक्षा के लिहाज से यहां यातायात को पूरी तरह से रोक दिया गया है।

प्रभावित क्षेत्रों के नागरिकों की मदद के लिए महंत लालदास महाविद्यालय में एक अस्थायी राहत शिविर बनाया गया है। यहां लोगों के ठहरने के साथ-साथ साफ पेयजल, भोजन और शौचालय की पूरी व्यवस्था की गई है। जलभराव के कारण किसी भी तरह की बीमारी या संक्रमण न फैले, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीमें भी तैनात कर दी गई हैं, जो शिविर और प्रभावित इलाकों में लगातार लोगों की सेहत की जांच कर रही हैं।

प्रशासन की ओर से संवेदनशील इलाकों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को लगातार सतर्क किया जा रहा है। अधिकारियों ने आम जनता से कड़ाई से अपील की है कि वे उफनती नदी, घाट या पुल के आसपास न जाएं। प्रशासन ने खास तौर पर चेतावनी दी है कि उफनते पानी के पास जाकर सेल्फी या वीडियो बनाने का जोखिम बिल्कुल न उठाएं और सुरक्षा कारणों से बंद किए गए रास्तों पर जाने की कोशिश न करें।

बाढ़ जैसी किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राजस्व, पुलिस, होमगार्ड और जल संसाधन विभाग की टीमें आपसी तालमेल के साथ 24 घंटे निगरानी कर रही हैं। इस पूरे निरीक्षण के दौरान शिवरीनारायण नगर पालिका अध्यक्ष राहुल थवाईत, जांजगीर एसडीएम सुब्रत प्रधान, शिवरीनारायण एसडीएम भावना साहू और कार्यपालन अभियंता शशांक सिंह सहित कई अन्य अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)










Comments