ग्राम बुड़ेरा में साहू समाज का भव्य शपथ ग्रहण एवं प्रतिभा सम्मान समारोह, विधायक अनुज शर्मा हुए शामिल.....
साहू समाज छत्तीसगढ़ की माटी, संस्कृति और स्वाभिमान की सबसे मजबूत रीढ़: विधायक अनुज शर्मा...
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने ली समाज सेवा की शपथ, मेधावी छात्रों और बुजुर्गों का हुआ सम्मान...

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की क़लम से :-
धरसीवां धरसीवां विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बुड़ेरा स्थित माँ कर्मा मंदिर परिसर में जिला व तहसील साहू संघ (रायपुर ग्रामीण) का 'शपथ ग्रहण, प्रतिभा सम्मान एवं आशीर्वाद समारोह' भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस गरिमामय आयोजन में धरसीवां के विधायक अनुज शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता साहू समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने की।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं सामाजिक पदाधिकारियों द्वारा माँ कर्मा के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण के साथ किया गया। युवाओं ने ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ अतिथियों का भव्य स्वागत किया। इसके पश्चात प्रथम चरण में जिला व तहसील साहू संघ (रायपुर ग्रामीण) के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। पदाधिकारियों ने समाज के उत्थान, शिक्षा के प्रसार और कमजोर वर्गों की मदद के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया।
जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि माँ कर्मा के पावन चरणों में उपस्थित होना सौभाग्य का विषय है। साहू समाज केवल एक समुदाय नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की माटी, संस्कृति, श्रम और स्वाभिमान की सबसे मजबूत रीढ़ है। माँ कर्मा का जीवन त्याग, अटूट भक्ति और निष्ठा का अद्वितीय संदेश देता है। उन्होंने पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि शपथ लेना केवल पद स्वीकार करना नहीं है, बल्कि यह समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुँचाने का एक पवित्र संकल्प है। उन्होंने समाज के सर्वांगीण विकास के लिए युवाओं के शिक्षित और कौशलयुक्त होने पर विशेष जोर दिया।

कार्यक्रम के द्वितीय चरण में 'प्रतिभा सम्मान समारोह' का आयोजन किया गया। इसमें 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं के साथ-साथ खेल, कला और संस्कृति में विशेष उपलब्धि हासिल करने वाले युवाओं को स्मृति चिह्न व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं, अंतिम चरण में बुड़ेरा एवं आसपास के वरिष्ठ नागरिकों का शॉल व श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया और उनसे मार्गदर्शन व आशीर्वाद प्राप्त किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक अनुज शर्मा के साथ मोतीलाल साहू, इंद्र कुमार साहू, संदीप साहू, वेदराम मनहरे, राजा साहू सहित जिला व तहसील साहू संघ के अध्यक्ष, पदाधिकारीगण, बुड़ेरा ग्राम पंचायत के प्रतिनिधि, महिला मंडल, युवा प्रकोष्ठ के सदस्य और भारी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)











Comments