खरोरा में भव्य गणेश विसर्जन: शांतिपूर्ण शोभायात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, ढोल की थाप पर थिरके विधायक अनुज शर्मा.....

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की क़लम से :-
खरोरा। हर साल की तरह इस बार भी खरोरा में गणेश विसर्जन का पर्व पूरी भव्यता और उल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर निकाली गई मनमोहक झांकियों की विशाल शोभायात्रा में धरसींवा के विधायक अनुज शर्मा ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की। शोभायात्रा के दौरान पूरा नगर 'गणपति बप्पा मोरिया' के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठा। विधायक ने प्रथम पूज्य भगवान गणेश की विधि-विधान से आरती कर उनका आशीर्वाद लिया।
मंच से की क्षेत्र की खुशहाली की कामना -
विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि वे भगवान गणेश के चरणों में नमन करते हुए सभी क्षेत्रवासियों की सुख, शांति, समृद्धि और बेहतर स्वास्थ्य की कामना करते हैं। उन्होंने प्रार्थना की कि बप्पा की कृपा खरोरा के हर किसान, हर युवा और मातृशक्ति पर हमेशा बनी रहे।
'खरोरा में उतर आया देवलोक'
रात भर चले इस आकर्षक झांकी प्रदर्शन की जमकर तारीफ करते हुए विधायक ने इसे एक अद्भुत दृश्य बताया। उन्होंने कहा, "खरोरा की धरती पर आज आस्था और भक्ति का जो सैलाब उमड़ा है, उसे देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा है मानो देवलोक सीधे यहाँ की सड़कों पर उतर आया हो।" उन्होंने इन झांकियों की कलात्मकता और लोगों के समर्पण को आपसी भाईचारे और अटूट सांस्कृतिक विरासत की शानदार मिसाल करार दिया।
शांतिपूर्ण आयोजन के लिए प्रशासन व जनता का आभार -
इतने बड़े पैमाने पर आयोजित इस उत्सव के बिना किसी विवाद और पूरी शांति के साथ संपन्न होने पर विधायक ने विशेष प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने इसे पूरे प्रदेश के लिए एक बेहतरीन उदाहरण बताते हुए सभी उत्सव समितियों, कलाकारों, जागरूक नागरिकों और विशेष रूप से मुस्तैद पुलिस-प्रशासन को इस उत्कृष्ट व्यवस्था के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन की सक्रियता और जनता के सहयोग से ही यह अनुशासित आयोजन संभव हो सका है।
युवाओं के साथ जमकर नाचे विधायक, बरसाए फूल -
उत्सव के इस उल्लासपूर्ण माहौल में विधायक खुद को थिरकने से नहीं रोक पाए। ढोल और ताशे की धुनों पर वे आम जनता के बीच पहुंचे और युवाओं की टोली में शामिल होकर जमकर नाचे, जिससे वहां मौजूद लोगों का उत्साह दोगुना हो गया। इसके साथ ही, पूरे मार्ग पर भ्रमण के दौरान उन्होंने मंच से झांकियों और दर्शनार्थियों पर फूल बरसाकर उनका आत्मीय स्वागत किया।
देर रात तक चले इस महाआयोजन में छत्तीसगढ़ की संस्कृति और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। अंत में, श्रद्धालुओं ने नम आँखों के साथ भगवान गणेश को विदाई दी और 'अगले बरस तू जल्दी आ' की प्रार्थना की। इस भव्य आयोजन में स्थानीय जनप्रतिनिधि, उत्सव समितियों के पदाधिकारी, प्रशासनिक अमला और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)










Comments