गणेश विसर्जन सुरक्षा व्यवस्था: SP अंकिता शर्मा के निर्देशन में 'One Cop-One Pandal' व्यवस्था लागू.....

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
राजनांदगांव। गणेश उत्सव के बाद बप्पा के विसर्जन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए राजनांदगांव पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था तैयार की है। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में शहर से लेकर विसर्जन मार्ग और बाहरी इलाकों तक करीब 800 पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी। इसके साथ ही चार ड्रोन, 10 निगरानी मचान, सीसीटीवी कैमरे और विशेष निगरानी दलों के माध्यम से हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी।
पुलिस मुख्यालय से मिले अतिरिक्त बल को भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया है। जवानों को शहर के प्रमुख स्थानों, संवेदनशील क्षेत्रों, विसर्जन मार्ग, बाहरी रास्तों और विसर्जन स्थलों पर अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित कार्रवाई दल और अतिरिक्त पुलिस बल को भी तैयार रखा जाएगा।
अपराधियों और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर
गणेश विसर्जन के दौरान चाकूबाजी, आपसी विवाद, मारपीट और अन्य आपराधिक घटनाओं को रोकने के लिए विशेष अपराध निरोधक दल सक्रिय रहेंगे। भीड़ के बीच संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। पुलिस के मुताबिक जेल से हाल ही में रिहा हुए व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पृथक दल पिछले 10 दिनों से सक्रिय है। कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले संभावित तत्वों के संबंध में मैदानी स्तर पर सूचनाएं जुटाई जा रही हैं। इसके अलावा रेलवे स्टेशन पर भी विशेष निगरानी दल तैनात रहेगा। शहर के लॉज, होटल और ढाबों की जांच के लिए भी अलग-अलग पुलिस दल लगाए गए हैं। बाहरी इलाकों और प्रमुख प्रवेश मार्गों पर संदिग्ध व्यक्तियों तथा गतिविधियों की निगरानी की जाएगी।
चेन स्नेचिंग और चोरी रोकने के लिए विशेष टीम
विसर्जन के दौरान भारी भीड़ का फायदा उठाकर होने वाली चेन स्नेचिंग, मोबाइल-पर्स चोरी और जेब काटने जैसी घटनाओं को रोकने के लिए विशेष पुलिस टीमें सक्रिय रहेंगी। भीड़भाड़ वाले स्थानों, संकरे मार्गों, पार्किंग स्थलों और प्रमुख आवाजाही वाले स्थानों पर सादे कपड़ों में जवान मौजूद रहेंगे। शहर के 10 प्रमुख स्थानों पर निगरानी मचान बनाए गए हैं। वहीं चार ड्रोन से झांकी मार्ग, संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की हवाई निगरानी की जाएगी। ड्रोन से मिलने वाली महत्वपूर्ण जानकारी तत्काल मैदानी पुलिस टीम तक पहुंचाई जाएगी।
हर झांकी के साथ रहेंगे पांच वालंटियर
पुराने शहर के संकरे रास्तों को देखते हुए झांकियों के संचालन के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। सभी झांकियां पहले निर्धारित स्थान पर एकत्र होंगी। प्रत्येक झांकी के साथ पांच वालंटियर मौजूद रहेंगे, जो झांकी समिति और पुलिस के बीच समन्वय का काम करेंगे। झांकियों के बीच निर्धारित दूरी बनाए रखी जाएगी, ताकि किसी एक स्थान पर झांकी रुकने की स्थिति में पूरा मार्ग बाधित न हो। प्रत्येक पंडाल के साथ एक पुलिसकर्मी को जोड़ते हुए “One Cop–One Pandal” व्यवस्था भी लागू की गई है।
पांच प्रमुख प्रवेश मार्गों पर यातायात नियंत्रण
शहर के पांच प्रमुख प्रवेश मार्गों पर पुलिस और यातायात बल तैनात रहेगा। आवश्यकता के अनुसार पुराने शहर में प्रवेश से पहले ही वाहनों को नियंत्रित या डायवर्ट किया जाएगा। निर्धारित स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था रहेगी और मुख्य झांकी मार्ग पर अनधिकृत पार्किंग की अनुमति नहीं होगी। एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन और अन्य आपात सेवाओं के लिए रास्ता सुरक्षित रखा जाएगा। विसर्जन के बाद लौटने वाले श्रद्धालुओं और वाहनों के लिए भी अलग यातायात व्यवस्था तैयार की गई है।
डीजे के नियम तोड़े तो होगी कार्रवाई
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि विसर्जन के दौरान डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का संचालन लागू ध्वनि मानकों और न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार करना होगा। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित डीजे संचालक और आयोजकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। राजनांदगांव पुलिस ने नागरिकों से कीमती आभूषण और अधिक नकदी लेकर भीड़ में नहीं आने, मोबाइल-पर्स सुरक्षित रखने, बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने तथा संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की है। साथ ही अफवाहों से बचने और पुलिस द्वारा निर्धारित मार्ग एवं यातायात व्यवस्था का पालन करने को कहा गया है।
#Ganesh #Visarjan #Security #Arrangements #OneCop-OnePandal #Arrangement #Implemented #Under #Direction #SPAnkitaSharma #BreakingADNnews






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)











Comments