त्योहारों से पहले खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 3 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित...
त्योहारों से पहले खाद्य एवं औषधि विभाग की कार्रवाई, नियंत्रक समेत अधिकारियों की टीम ने की जांच |
मिठाई दुकानों से लेकर ब्रेड फैक्ट्री तक छापेमारी, 3 फर्मों के खाद्य लाइसेंस निलंबित |

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की कलम से :-
रायपुर :- त्योहारों के सीजन में आम जनता को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए राज्य शासन के सख्त निर्देशों के तहत, खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने शनिवार को शहर में व्यापक जांच अभियान चलाया। नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन दीपक अग्रवाल के नेतृत्व में गठित टीम ने कई खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया, जिसमें गंभीर स्वच्छता संबंधी अनियमितताएं सामने आईं।

जांच के दौरान भारी लापरवाही और अस्वच्छता पाए जाने पर खत्री स्वीट्स (बिरगांव), लक्ष्मी फूड प्रोडक्ट्स - ब्रेड बास्केट (समता कॉलोनी) और अग्रवाल मिठाई वाला के खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए हैं। इन तीनों प्रतिष्ठानों को तब तक बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं जब तक वे संपूर्ण स्वच्छता (हाइजीन) मानकों को पूरी तरह सुनिश्चित नहीं कर लेते। इस दौरान विभिन्न प्रकार की मिठाइयों और ब्रेड समेत बड़ी मात्रा में दूषित खाद्य सामग्री को नष्ट कराया गया तथा नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
ब्रेड बास्केट में चूहों का आतंक, 80 किलो ब्रेड नष्ट: समता कॉलोनी स्थित लक्ष्मी फूड प्रोडक्ट्स (ब्रेड बास्केट) में निरीक्षण के दौरान ब्रेड निर्माण की प्रक्रिया बेहद अस्वच्छ पाई गई। परिसर के अंदर चूहे घूमते हुए मिले और स्टोर रूम में भारी गंदगी पाई गई। मानकों की अनदेखी के चलते विभागीय टीम ने लगभग 80 किलोग्राम अस्वच्छ ब्रेड को मौके पर ही नष्ट करा दिया।
बिना लाइसेंस चल रहा था कृष्णा स्वीट्स: कमल विहार स्थित कृष्णा स्वीट्स बिना वैध खाद्य अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) के संचालित पाया गया। यह प्रतिष्ठान पैक्ड मिठाइयों की ट्रेडिंग का काम करता है। टीम ने यहाँ से कुंदा और मैसूर पाक के नमूने लिए। इसके साथ ही, यहाँ से बड़ी कार्रवाई करते हुए डिलिशियस स्वीट्स (720 किलोग्राम), मैसूर पाक (112 किलोग्राम) और कुंदा (3960 किलोग्राम) भारी मात्रा में जब्त किया गया।
विभाग की सख्त चेतावनी: नियंत्रक दीपक अग्रवाल ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा मानकों से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ बख्शने की कोई गुंजाइश नहीं है। जब तक ये प्रतिष्ठान तय हाइजीन नॉर्म्स को पूरा नहीं करेंगे, इनका संचालन बंद रहेगा। लैब से जांच रिपोर्ट आने के बाद इन पर आगे की कड़ी वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी। #FoodSafety #Raipur #FoodDepartment #FoodInspection #SweetShops #BreadFactory #FoodLicense #Chhattisgarh #FestivalSeason #PublicHealth #breakingADNnews






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments