बस्तर में बाढ़ से बिगड़े हालात: ग्राउंड जीरो पर पहुंचे वन मंत्री केदार कश्यप, राहत और बचाव कार्यों का लिया जायजा..

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की कलम से :-
जगदलपुर/बस्तर: छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में भारी बारिश और बाढ़ के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। आपदा की इस स्थिति का सीधा जायजा लेने के लिए वन मंत्री केदार कश्यप खुद ग्राउंड जीरो पर उतरे। उन्होंने बाढ़ से सबसे ज्यादा जूझे रहे घोटिया और नारायणपाल इलाकों का सघन दौरा किया और जमीनी हालात की समीक्षा की।

दौरे के दौरान केदार कश्यप ने प्रशासनिक अमले को सख्त निर्देश दिए हैं कि राहत और बचाव कार्यों में कोई भी कोताही न बरती जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्राकृतिक आपदा में नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और प्रभावितों तक तुरंत हर संभव मदद पहुंचाई जाए।
राहत शिविरों का किया निरीक्षण, जाना विस्थापितों का हाल -
बाढ़ के कारण बेघर हुए लोगों के लिए जगदलपुर के टाउन हॉल में बनाए गए राहत शिविर का भी वन मंत्री ने दौरा किया। वहां पहुंचकर उन्होंने प्रभावित परिवारों से सीधा संवाद किया और उनकी तकलीफें सुनीं। कश्यप ने शिविर में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं— जैसे सुबह का नाश्ता, दोनों वक्त का भोजन, पीने का साफ पानी और जरूरी दवाइयों की व्यवस्था की बारीकी से पड़ताल की।

अधिकारियों को हिदायत दी गई है कि राहत कैंप में रह रहे किसी भी परिवार को असुविधा का सामना न करना पड़े। सभी जरूरी सेवाएं निर्बाध रूप से जारी रहनी चाहिए और जरूरतों के हिसाब से तत्काल सुविधाएं मुहैया कराई जाएं।

सरकार जनता के साथ खड़ी है -
प्रभावितों को ढांढस बंधाते हुए वन मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार इस संकट की घड़ी में पूरी तरह से बाढ़ पीड़ितों के साथ मजबूती से खड़ी है। प्रभावितों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाना और उन्हें सभी बुनियादी जरूरतें उपलब्ध कराना सरकार का पहला लक्ष्य है। इस पूरे दौरे और निरीक्षण के दौरान जगदलपुर के महापौर संजय पांडे भी उनके साथ मौजूद रहे।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)










Comments