बाढ़ पीड़ितों के बीच नाव से पहुंचे वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, अधिकारियों को दिए तत्काल राहत के निर्देश....

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की कलम से :-
चक्रवाती तूफान 'अर्नब' के कारण उफान पर आई महानदी ने रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों को अपनी चपेट में ले लिया है। जलभराव के इस गंभीर संकट के बीच वित्त मंत्री और स्थानीय विधायक ओ.पी. चौधरी ने खुद मोर्चा संभालते हुए प्रभावित इलाकों का दौरा किया।
शनिवार को ओ.पी. चौधरी राहत और बचाव दल के साथ नाव पर सवार होकर सरिया तहसील के सबसे ज्यादा प्रभावित जलमग्न गांवों - बोरिदा, ठेंगागुरी और तोरा पहुंचे। चारों तरफ पानी से घिरे इन गांवों में जाकर उन्होंने सीधे प्रभावित लोगों से बातचीत की और हालात का जमीनी जायजा लिया।

"हर प्रभावित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है सरकार"-
बाढ़ के बीच फंसे ग्रामीणों से संवाद करते हुए ओ.पी. चौधरी ने उन्हें ढांढस बंधाया कि इस मुश्किल घड़ी में राज्य सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है और उनकी सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने महिलाओं, बुजुर्गों, युवाओं और बच्चों का हालचाल जाना तथा उनकी बुनियादी जरूरतें पूछीं।

मौके पर मौजूद अधिकारियों को सख्त हिदायत देते हुए ओ.पी. चौधरी ने कहा कि बाढ़ पीड़ितों के लिए भोजन, शुद्ध पेयजल, दवाइयां और स्वास्थ्य सुविधाएं तुरंत मुहैया कराई जाएं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि बच्चों और बुजुर्गों का खास खयाल रखा जाए और जरूरत पड़ने पर ग्रामीणों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जाए।

फिलहाल, प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है। महानदी के जलस्तर और प्रभावित गांवों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि राहत और बचाव कार्यों में कोई कोताही न हो।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)










Comments