आबकारी विभाग द्वारा 204 लीटर महुआ शराब और 440 किलो लाहन जब्त...

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
रायगढ़ :- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने अपना अभियान तेज कर दिया है। विभाग की टीम ने तमनार और चक्रधर नगर क्षेत्र में अलग-अलग छापामार कार्रवाई करते हुए कुल 204 लीटर महुआ शराब और 440 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया है।
कार्रवाई के दौरान तमनार क्षेत्र से एक महिला को गिरफ्तार किया गया है, जबकि रेगड़ा के जंगल में लावारिस हालत में मिली शराब और महुआ लाहन के मामले में संबंधित आरोपियों की तलाश जारी है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश और प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी के निर्देशन में जिले में अवैध मदिरा के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए यह विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है।
तमनार में महिला के कब्जे से 9 लीटर महुआ शराब जब्त-
आबकारी विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 1 नवंबर को आबकारी उप निरीक्षक प्रदीप वर्मा के नेतृत्व में विभागीय टीम ने थाना तमनार अंतर्गत ग्राम तमनार में कार्रवाई की। इस दौरान बनमती बाई उरांव के कब्जे से 9 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। विभाग ने महिला के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
रेगड़ा के जंगल में लावारिस महुआ लाहन और शराब बरामद-
इस कार्रवाई से एक दिन पहले 31 अक्टूबर को आबकारी उप निरीक्षक अंकित अग्रवाल के नेतृत्व में विभागीय टीम ने ग्राम रेगड़ा के जंगल में छापामार कार्रवाई की थी। जंगल में तलाशी के दौरान टीम को लावारिस हालत में बड़ी मात्रा में महुआ शराब और शराब निर्माण में प्रयुक्त होने वाला महुआ लाहन मिला। मौके से 195 लीटर महुआ शराब और 440 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 61 हजार रुपये आंकी गई है। फिलहाल इस मामले में अज्ञात आरोपियों की तलाश की जा रही है।
अवैध शराब के खिलाफ अभियान रहेगा जारी-
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और बिक्री के विरुद्ध यह सख्त जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों को होटल, ढाबों और संदिग्ध ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि अवैध मदिरा के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments