हर इंसान का सिर पर छत पाने का हक: विश्व आवास दिवस और गंभीर होती बेघर की समस्या...

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
हर व्यक्ति की चाहत होती है कि उसका खुद का एक आशियाना हो, जहां वह अपने परिवार के साथ सुकून से जिंदगी गुजार सके। किसी के लिए घर ईंट-पत्थरों की चारदीवारी है, तो किसी के लिए जीवनभर की पूंजी। इसके बावजूद, दुनिया भर में आज भी करोड़ों लोग ऐसे हैं जिन्हें सिर छिपाने के लिए सुरक्षित ठिकाना तक नसीब नहीं है। इसी गंभीर वैश्विक समस्या की ओर ध्यान खींचने के लिए हर साल विश्व आवास दिवस मनाया जाता है।
क्यों खास है यह दिन ?
यह दिन इस सच्चाई को रेखांकित करता है कि निजी मकान महज सुविधा नहीं, बल्कि इंसान के आत्मसम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य की नींव है। यह विशेष दिवस हर वर्ष अक्टूबर के पहले सोमवार को आता है और वर्ष 2026 में यह 5 अक्टूबर को पड़ रहा है। संयुक्त राष्ट्र ने साल 1985 में इसकी शुरुआत की थी, जिसका मकसद वैश्विक स्तर पर शहरी बस्तियों की स्थिति का जायजा लेना और हर नागरिक के लिए आवास के अधिकार को सुनिश्चित करना है।
आंकड़ों के आईने में कड़वी सच्चाई -
संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट डराने वाली हैं। वर्तमान में दुनिया भर में 3 अरब से ज्यादा ऐसे लोग हैं जिनके पास बुनियादी आवास का अभाव है। इसके अलावा, 1.1 अरब से अधिक आबादी झुग्गी-झोपड़ियों और अनौपचारिक बस्तियों में जीने को विवश है। युद्ध, हिंसा, प्राकृतिक आपदाओं और लगातार बदलते मौसम ने इस संकट को और गहरा कर दिया है। समाज का सबसे कमजोर और गरीब तबका इससे सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहा है।
इस साल यानी 2026 के विश्व आवास दिवस की थीम 'सभी के लिए पर्याप्त आवास' तय की गई है। इस विषय का मुख्य संदेश यही है कि हर नागरिक को ऐसा सुरक्षित माहौल मिले जहां वह गरिमापूर्ण जीवन जी सके। इसके लिए सिर्फ मकान खड़े करना काफी नहीं है, बल्कि वहां पेयजल, बिजली, साफ-सफाई और परिवहन जैसी मूलभूत सुविधाएं भी अनिवार्य रूप से मिलनी चाहिए।
वैश्विक स्तर पर मंथन -
इस मौके पर दुनियाभर में गोष्ठियां, सेमिनार और जागरूकता अभियान चलाए जाते हैं। इस साल 2026 का आधिकारिक वैश्विक कार्यक्रम ओमान की राजधानी मस्कट में 5 से 8 अक्टूबर के बीच आयोजित हो रहा है, जिसमें विभिन्न देशों के प्रतिनिधि आवास से जुड़ी पेचीदगियों और उनके ठोस समाधान पर विचार-विमर्श कर रहे हैं।
यह दिन सिर्फ समस्याओं को याद करने का नहीं, बल्कि यह संकल्प लेने का है कि अनियंत्रित शहरीकरण के दौर में विकास ऐसा हो जो आम आदमी की बुनियादी जरूरतों को पूरा कर सके।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments