शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव स्कूल से घर लौट रहे स्कूली बच्चों के बीच पहुंचकर सहज संवाद में जानी पढ़ाई और स्कूल की जरूरतें...
विद्यार्थियों की मांग पर प्रार्थना शेड एवं मंच निर्माण के दिए निर्देश...
स्वामी आत्मानंद स्कूल सेलूद में बनेगा साइकिल स्टैंड, बाउंड्रीवाल और वॉलीबॉल ग्राउंड...

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की क़लम से :-
दुर्ग जिले के सेलूद में सोमवार को एक अनूठी तस्वीर देखने को मिली। सेवा सेतु शिविर से लौट रहे स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव अचानक रास्ते में रुक गए और स्कूल से घर लौट रहे विद्यार्थियों के बीच पहुंच गए। अपने बीच एक वरिष्ठ मंत्री को पाकर बच्चों में गजब का उत्साह दिखा। इस दौरान मंत्री ने बच्चों से उनकी पढ़ाई, तिमाही परीक्षाओं की तैयारियों और खेलकूद को लेकर बेहद सहज अंदाज में बातचीत की।
चर्चा के दौरान विद्यार्थियों ने स्कूल परिसर में प्रार्थना शेड और मंच की जरूरत बताई। बच्चों की इस मांग पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मंत्री ने अधिकारियों को मौके पर ही प्रार्थना शेड और मंच निर्माण के निर्देश दे दिए। इसके साथ ही स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय, सेलूद में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए साइकिल स्टैंड, बाउंड्रीवाल और वॉलीबॉल ग्राउंड बनाने की भी घोषणा की गई।

बच्चों का मार्गदर्शन करते हुए उन्होंने कहा कि आज का दौर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और अत्याधुनिक तकनीक का है। इसलिए स्कूली शिक्षा के साथ-साथ बच्चों का तकनीकी रूप से दक्ष होना भी बहुत जरूरी है। राज्य सरकार इस दिशा में लगातार काम कर रही है, जिसके तहत गूगल और एक्सेल जैसी बड़ी कंपनियों के सहयोग से बच्चों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने की योजना है। साथ ही, विद्यार्थियों के लिए विशेष इंग्लिश लर्निंग कोर्स शुरू करने के प्रयास भी जारी हैं।
बच्चों से मिलने के बाद मंत्री ने सेलूद स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने शिक्षकों और प्राचार्य से चर्चा कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान प्राचार्य ने अवगत कराया कि स्कूल में शौचालय निर्माण का कार्य पूरा हो चुका है। सरकार का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ बेहतर खेल सुविधाएं और बुनियादी संसाधन मुहैया कराना है।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments