चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर कांग्रेस का बड़ा हमला: कहा- "वे भाजपा की कठपुतली हैं, राहुल गांधी के आरोप सच साबित हुए"....

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की क़लम से :-
रायपुर, छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की 'कठपुतली' करार दिया है। कांग्रेस ने दावा किया है कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त पर जो आरोप लगाए थे, वे अब पूरी तरह से प्रमाणित हो रहे हैं।
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने बयान जारी कर कहा कि दो अन्य चुनाव आयुक्तों, सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी की टिप्पणियों से यह साफ हो गया है कि ज्ञानेश कुमार अपने पद का निर्वहन निष्पक्षता से नहीं कर रहे हैं। कांग्रेस का आरोप है कि उनके निर्देशन में एसआईआर (SIR) के तहत मतदाताओं के नाम दोषपूर्ण तरीके से हटाए और जोड़े गए हैं। राहुल गांधी ने 15 महीने पहले ही 'वोट चोरी' का जो मुद्दा उठाया था, वह आज पहले से अधिक प्रासंगिक और सत्य साबित हो रहा है।
आयोग में बहुमत की अनदेखी और मनमानी का आरोप -
सुशील आनंद शुक्ला ने मीडिया रिपोर्टों का हवाला देते हुए बताया कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में एसआईआर (SIR) में मतदाताओं के नाम हटाने और जोड़ने की प्रक्रिया पर 14 अलग-अलग मौकों पर लिखित आपत्तियां दर्ज कराई थीं। इसके बावजूद मुख्य चुनाव आयुक्त ने उन्हें पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया। शुक्ला ने सवाल उठाया कि चुनाव आयोग का कामकाज बहुमत के आधार पर चलता है, ऐसे में दो आयुक्तों की आपत्तियों को दरकिनार करना मुख्य चुनाव आयुक्त की मनमानी को स्पष्ट रूप से दर्शाता है।
गृह मंत्री और प्रधानमंत्री के इशारे पर काम करने का दावा -
कांग्रेस ने सीधा आरोप लगाया है कि ज्ञानेश कुमार केंद्रीय गृह मंत्री के इशारे पर काम कर रहे हैं। पार्टी का कहना है कि मुख्य चुनाव आयुक्त के सभी फैसले प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की पूरी जानकारी, समर्थन और उनके इशारों पर लिए जा रहे हैं।
महाभियोग प्रस्ताव पर फिर से जोर -
सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ने अपने संवैधानिक पद की गरिमा को धूमिल कर दिया है। उनकी निष्पक्षता और स्वतंत्र रूप से काम करने की क्षमता पहले से ही बेहद संदिग्ध रही है। उन्होंने याद दिलाया कि 24 अप्रैल 2026 को विपक्ष के 73 सांसदों ने ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने के लिए महाभियोग प्रस्ताव पेश किया था, जो अभी भी लंबित है।
कांग्रेस नेता ने चेतावनी दी है कि आज जब मुख्य चुनाव आयुक्त अपने ही दो सहयोगियों द्वारा एक्सपोज हो चुके हैं, तो इसमें कोई संदेह नहीं कि यदि संसद का विशेष सत्र बुलाया जाता है, तो दोनों सदनों के विपक्षी सांसद उन्हें पद से हटाने के लिए महाभियोग प्रस्ताव पर पूरी ताकत से आगे बढ़ेंगे।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)











Comments