स्मृति ईरानी को बधाई भाजपा की गुटबाजी से निपटना बड़ी चुनौती.....
बढ़ती महंगाई और 500 में सिलेंडर का जवाब भी उनसे मांगेगे - दीपक बैज

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की क़लम से :-
रायपुर: भाजपा द्वारा स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ का प्रदेश प्रभारी बनाए जाने पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने प्रतिक्रिया दी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि प्रभारी किसे बनाना है, यह भाजपा का अपना सांगठनिक फैसला है। लेकिन प्रभारी के रूप में स्मृति ईरानी के सामने सबसे बड़ी चुनौती प्रदेश भाजपा की गुटबाजी से निपटना और कार्यकर्ताओं के असंतोष का सामना करना होगा।
दीपक बैज ने दावा किया कि भाजपा सरकार में मंत्रियों के बीच आपसी खींचतान मची है और कई मंत्री मुख्यमंत्री के खिलाफ बगावती तेवर अपनाए हुए हैं। वरिष्ठ विधायकों और नेताओं को सरकार से दरकिनार कर दिया गया है। भाजपा कार्यकर्ता सरकार के कामकाज से नाराज हैं और निष्ठावान कार्यकर्ताओं की कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इन सभी हालातों को संभालना स्मृति ईरानी के लिए एक बड़ी चुनौती साबित होगी।
महंगाई को लेकर पूछे जाएंगे सवाल -
महंगाई के मुद्दे पर घेरते हुए बैज ने कहा कि स्मृति ईरानी कभी महंगाई के खिलाफ आंदोलन कर सुर्खियों में रही थीं। गैस और सिलेंडर के बढ़ते दामों के खिलाफ सड़क पर उतरीं उनकी तस्वीरें काफी वायरल हुई थीं। आज गैस, खाद्य तेल, शक्कर, राशन सामग्री, कपड़े, साबुन और दवाई सहित सभी आवश्यक वस्तुओं के दाम बेतहाशा बढ़ गए हैं। जब स्मृति ईरानी छत्तीसगढ़ आएंगी, तो कांग्रेस उनसे महंगाई को लेकर सवाल जरूर पूछेगी।
'मोदी की गारंटी' के वादों की दिलाई याद -
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि 'मोदी की गारंटी' के तहत भाजपा ने महिलाओं को 500 रुपये में गैस सिलेंडर देने का वादा किया था। कांग्रेस उनसे आग्रह करेगी कि वे प्रदेश की हर महिला को 500 रुपये में गैस सिलेंडर, 35 रुपये में पेट्रोल-डीजल और 30 रुपये में शक्कर दिलवाएं। भाजपा सरकार छत्तीसगढ़ की जनता से किए गए वादे कब पूरे करेगी, इसका जवाब अब स्मृति ईरानी को राज्य की जनता को देना होगा।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)










Comments