गोरखपुर में सीएम योगी का जनता दर्शन: अधिकारियों को सख्त निर्देश, भू-माफियाओं पर हो कड़ी कार्रवाई....

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने गोरखपुर दौरे के दूसरे दिन बुधवार को आम जनमानस की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए जनता दर्शन किया। गोरखनाथ मंदिर परिसर में स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने दूर-दराज से आए करीब 150 फरियादियों की शिकायतें सुनीं।
मुख्यमंत्री ने लोगों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार हर नागरिक की समस्या दूर करने के लिए पूरी तरह कटिबद्ध है। किसी को भी घबराने की आवश्यकता नहीं है।
अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश -
जनता दर्शन के दौरान सीएम ने प्रशासनिक अमले को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूरी संवेदनशीलता और बिना किसी भेदभाव के हर पीड़ित को न्याय मिलना चाहिए। जमीन पर अवैध कब्जा करने वाले भू-माफियाओं और दबंगों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही, यह भी सुनिश्चित किया जाए कि सभी पात्र लोगों तक सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे। राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाने के निर्देश भी दिए गए।
इलाज के लिए मिलेगी पूरी आर्थिक मदद -
कार्यक्रम में कई लोग गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे सभी जरूरतमंद मरीजों के उच्च स्तरीय इलाज का एस्टीमेट जल्द से जल्द तैयार करवाकर शासन को भेजा जाए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि एस्टीमेट मिलते ही मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से तुरंत धनराशि जारी कर दी जाएगी। पैसों के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा।
गुरु की पुण्यतिथि पर की विशेष पूजा और की गोसेवा -
बुधवार (आश्विन कृष्ण चतुर्थी) को ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की 12वीं पुण्यतिथि थी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रातःकाल गुरु गोरखनाथ के दर्शन करने के बाद अपने गुरु की समाधि स्थल पर जाकर शीश नवाया और विशेष पूजा-अर्चना की। अपनी नियमित दिनचर्या के तहत इसके बाद वह मंदिर की गोशाला पहुंचे और गायों को गुड़ खिलाकर गोसेवा की। इस दौरान उनके साथ देश के विभिन्न हिस्सों से आए संत भी मौजूद रहे।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments