विदेशी निवेश को आकर्षित करने 3 से 6 अक्टूबर तक सिंगापुर दौरे पर रहेंगे सीएम विष्णुदेव साय...

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
रायपुर: छत्तीसगढ़ में विदेशी निवेश को बढ़ावा देने और राज्य के विकास को नई वैश्विक पहचान दिलाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आगामी 3 से 6 अक्टूबर तक सिंगापुर के अहम दौरे पर रहेंगे। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय द्वारा नामित किए जाने के बाद, मुख्यमंत्री राज्य के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करते हुए इस यात्रा पर रवाना होंगे।
'SING फोरम 2026' में गूंजेगी छत्तीसगढ़ की उपलब्धियां -
इस चार दिवसीय प्रवास के दौरान, प्रतिनिधिमंडल 'सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन' द्वारा आयोजित पहले 'सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम 2026' में प्रमुखता से हिस्सा लेगा। यह अंतरराष्ट्रीय मंच छत्तीसगढ़ के लिए बेहद खास है। यहां राज्य की औद्योगिक क्षमताओं, एमएसएमई (MSME), स्टार्टअप्स और रोजगार सृजन की संभावनाओं को वैश्विक निवेशकों और उद्यमियों के सामने रखा जाएगा। इस आयोजन में दोनों देशों के दिग्गज निवेशक, उद्योगपति और वरिष्ठ सरकारी अधिकारी मौजूद रहेंगे, जिससे विदेशी व्यापार और दीर्घकालिक आर्थिक साझेदारी के नए रास्ते खुलने की उम्मीद है।
हरित विकास और कौशल उन्नयन पर रहेगा विशेष जोर -
व्यापारिक संबंधों के अलावा, मुख्यमंत्री के नेतृत्व वाला यह प्रतिनिधिमंडल सिंगापुर के प्रतिष्ठित संस्थानों जैसे 'स्किल सेंटर', 'मंडई वाइल्डलाइफ रिजर्व' और 'गार्डन्स बाय द बे' के प्रतिनिधियों के साथ भी अहम बैठकें करेगा। इन मुलाकातों का मुख्य एजेंडा वन्यजीव संरक्षण, उन्नत उद्यानिकी, इको-फ्रेंडली हरित विकास और युवाओं के लिए आधुनिक कौशल विकास के क्षेत्र में नई तकनीक व अनुभवों का आदान-प्रदान करना है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का मानना है कि यह दौरा राज्य को वैश्विक विशेषज्ञता और नवाचार से जोड़ने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा करने में मील का पत्थर साबित होगा।
प्रतिनिधिमंडल में ये आला अधिकारी होंगे शामिल -
सिंगापुर जाने वाले इस उच्चस्तरीय दल में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ राज्य प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। इनमें मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, वाणिज्य और उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार, सीएसआईडीसी (CSIDC) के प्रबंध संचालक विश्वेश कुमार और मुख्यमंत्री के ओएसडी (OSD) उमेश अग्रवाल शामिल हैं।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)










Comments