विश्वकर्मा जयंती पर सीएम साय का बड़ा ऐलान: श्रमिकों के लिए ई-बाइक योजना, 1.43 लाख खातों में भेजे 51 करोड़ रुपये...

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की क़लम से :-
रायपुर। विश्वकर्मा जयंती और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के श्रमिकों को बड़ी सौगात दी है। रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय श्रमिक महासम्मेलन में मुख्यमंत्री ने श्रमिक हित में तीन अहम घोषणाएं कीं और 1.43 लाख से अधिक श्रमिकों के बैंक खातों में 51.32 करोड़ रुपए की राशि डीबीटी के माध्यम से ट्रांसफर की।
मुख्यमंत्री की तीन बड़ी घोषणाएं:-
आधुनिक श्रमिक सुविधा केंद्र: शहरों में काम की तलाश में आने वाले श्रमिकों के लिए सर्वसुविधायुक्त आधुनिक केंद्र बनेंगे, जहां पेयजल, मोबाइल चार्जिंग और बैठने की समुचित व्यवस्था होगी।
ई-बाइक सहायता योजना: काम के लिए प्रतिदिन लंबी दूरी तय करने वाले पंजीकृत श्रमिकों के आवागमन को सुगम बनाने के लिए ई-बाइक सहायता योजना शुरू की जाएगी।
ई-रिक्शा अनुदान में वृद्धि: असंगठित क्षेत्र के रिक्शा चालकों को ई-रिक्शा खरीदने के लिए मिलने वाली 50 हजार रुपये की सहायता राशि को बढ़ाकर 1 लाख रुपये कर दिया गया है।
कार्यक्रम की अन्य प्रमुख झलकियां:-
श्रमिक दीदियों को ई-रिक्शा: 100 महिलाओं को ई-रिक्शा की चाबी सौंपी गई। मुख्यमंत्री ने खुद ई-रिक्शा की सवारी की और श्रमिक बहनों के साथ बैठकर दोपहर का भोजन कर उनका हाल-चाल जाना।
प्रतिभाओं को सम्मान: श्रमिक परिवार की बेटी मनिंदर कौर को एनआईटी सूरत में इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए 1.75 लाख रुपये का चेक और लैपटॉप दिया गया। उनकी पढ़ाई का पूरा खर्च अब सरकार उठाएगी।
अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना का विस्तार: इस योजना के तहत निःशुल्क आवासीय शिक्षा प्राप्त करने वाले श्रमिक परिवारों के बच्चों की संख्या 100 से बढ़ाकर 200 कर दी गई है।
आशीर्वाद का दीया: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने तथा उनके जन्मदिन के अवसर पर मुख्यमंत्री ने हजारों श्रमिकों के साथ 'आशीर्वाद का दीया' प्रज्ज्वलित किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रक्रिया को पारदर्शी और सुलभ बनाने के लिए नवीन पीवीसी एवं क्यूआर कोड युक्त श्रमिक पंजीयन कार्ड तथा राज्य की नवीन उपकर कटौती वेबसाइट का भी शुभारंभ किया गया।





.jpg)








Comments