"छत्तीसगढ़ को ज़मीनी समाधान चाहिए, स्क्रिप्टेड डायलॉग और ड्रामा नहीं": स्मृति ईरानी की नियुक्ति पर AAP का तंज...

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की क़लम से :-
रायपुर: भारतीय जनता पार्टी द्वारा पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ प्रदेश का प्रभारी बनाए जाने पर आम आदमी पार्टी (AAP) ने तीखा हमला बोला है। AAP के प्रदेश प्रभारी और दिल्ली विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष मुकेश अहलावत ने भाजपा के इस फैसले पर कटाक्ष करते हुए कहा कि राज्य की जनता बुनियादी समस्याओं से जूझ रही है, लेकिन भाजपा संगठन चलाने के बजाय 'टीवी सीरियल का सेट' लगाने में व्यस्त है।
'कार्यकर्ताओं को लेनी पड़ेगी तेवर संभालने की ट्रेनिंग' -
प्रेस को जारी बयान में मुकेश अहलावत ने कहा कि स्मृति ईरानी की ताजपोशी के बाद अब छत्तीसगढ़ में भाजपा के भाषणों में किसी मसाले की कमी नहीं होगी, क्योंकि टीवी डिबेट का पूरा सेट ही उठाकर रायपुर में लगा दिया गया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पार्टी के स्थानीय कार्यकर्ताओं को अब ज़मीनी काम कम और उनके तेवर संभालने की ट्रेनिंग ज़्यादा लेनी पड़ेगी। अहलावत ने यह भी कहा कि अमेठी में हार के बाद वहां की जनता को छोड़कर अज्ञातवास में चली गईं स्मृति ईरानी को अब भाजपा ने छत्तीसगढ़ में प्रयोग के तौर पर भेज दिया है।
महंगे गैस सिलेंडर और चुप्पी पर उठाया सवाल -
AAP नेता ने पुराने दिनों की याद दिलाते हुए कहा, "एक दौर था जब विपक्ष में रहते हुए स्मृति ईरानी 400 रुपये के गैस सिलेंडर को सिर पर उठाकर सड़कों पर उग्र प्रदर्शन करती थीं। लेकिन आज जब देश और प्रदेश में सिलेंडर के दाम आसमान छू रहे हैं और आम जनता महंगाई की मार से त्रस्त है, तब उनकी आवाज़ पूरी तरह गुम हो चुकी है।" उन्होंने सवाल किया कि क्या छत्तीसगढ़ में आकर वह अपनी ही सरकार के खिलाफ महंगाई पर वही पुराना तेवर दिखा पाएंगी या फिर जनता के इन असल मुद्दों पर चुप्पी साधे रहेंगी।
छत्तीसगढ़ को चाहिए ठोस नीतियां, राजनीतिक पर्यटन नहीं -
अहलावत ने कहा कि छत्तीसगढ़ धान का कटोरा है और यहाँ के लोग सीधे, सरल और मेहनतकश हैं। यहाँ ज़मीनी मुद्दों और जनसमस्याओं पर बात होनी चाहिए, न कि सिर्फ कैमरे के सामने स्क्रिप्टेड डायलॉगबाज़ी। उन्होंने कहा कि यह देखना दिलचस्प होगा कि बस्तर के जंगलों से लेकर सरगुजा की वादियों तक भाजपा का यह नया 'ड्रामा' कितनी टीआरपी बटोर पाता है।
अंत में उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश की जनता अब जुमलों और दिखावे की राजनीति से ऊब चुकी है। छत्तीसगढ़ को स्वास्थ्य, शिक्षा, रोज़गार और किसानों के हक में ठोस नीतियों की ज़रूरत है। आम आदमी पार्टी जनता के असल मुद्दों को लेकर सड़क से लेकर हर मंच पर अपनी आवाज़ बुलंद रखेगी।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)










Comments