छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का शानदार आगाज: चयन ट्रायल के पहले दिन 223 खिलाड़ियों ने दिखाया दम, डिप्टी सीएम अरुण साव ने बढ़ाया उत्साह...

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की क़लम से :-
रायपुर, राजधानी रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में शनिवार को छत्तीसगढ़ हॉकी लीग (सीएचएल) के पहले बहुप्रतीक्षित सीजन की सरगर्मियां शुरू हो गईं। लीग की छह टीमों में जगह बनाने के लिए शुरू हुए दो दिवसीय चयन ट्रायल के पहले दिन मैदान पर गजब का उत्साह देखने को मिला। चयन के लिए पंजीकृत कुल 373 खिलाड़ियों में से 223 युवा प्रतिभाओं ने पिच-1 पर उतरकर अपने हुनर का जोरदार प्रदर्शन किया।
डिप्टी सीएम अरुण साव ने की खिलाड़ियों से मुलाकात -
युवा खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने के लिए राज्य के उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव सीधे ट्रायल स्थल पर पहुंचे। उन्होंने मैदान में जाकर खिलाड़ियों से न केवल मुलाकात की, बल्कि उनसे विस्तार से बातचीत कर उनका उत्साहवर्धन भी किया। अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ की मिट्टी में हॉकी रची-बसी है और आज मैदान पर खिलाड़ियों का यह भारी जोश इस बात का साफ सबूत है।

उन्होंने आगे कहा, "छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का मुख्य मकसद हमारी युवा खेल प्रतिभाओं को एक ऐसा भव्य मंच प्रदान करना है, जहां वे दिग्गज राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ मैदान साझा कर सकें। हमारी सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश का हर होनहार खिलाड़ी राज्य से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बनाए।"
विशेषज्ञों की कड़ी निगरानी में हो रही खिलाड़ियों की परख -
खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस ट्रायल की पूरी प्रक्रिया छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के तय मानकों और नियमों के तहत की जा रही है। खिलाड़ियों के खेल की बारीकी से परख करने के लिए विशेषज्ञों का एक खास पैनल बनाया गया है। इस चयन समिति में खेल अधिकारी दीनू प्रसाद पटेल, सीनियर हॉकी कोच रश्मि संध्या एक्का (रायपुर), राकेश टोप्पो (बिलासपुर), अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मृणाल चौबे, अनुराग श्रीवास्तव (राजनांदगांव) और अनुभवी खिलाड़ी अमिताभ मानिकपुरी शामिल हैं।

कल भी जारी रहेगा ट्रायल, 21 अक्टूबर से शुरू होगा महामुकाबला -
चयन की यह प्रक्रिया 29 सितम्बर को भी सुबह 9 बजे से जारी रहेगी। ट्रायल पूरा होने के बाद चुने गए शानदार खिलाड़ियों की फाइनल लिस्ट खेल संचालनालय को सौंपी जाएगी, जिसके आधार पर लीग की छह मजबूत टीमें तैयार होंगी।
बताते चलें कि छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग की पहल पर आयोजित होने वाली यह राज्य की पहली आधिकारिक हॉकी लीग है। इसका भव्य आयोजन 21 अक्टूबर से 1 नवम्बर 2026 तक रायपुर में होगा।

छह टीमें भिड़ेंगी खिताब के लिए -
"चलो रे संगी, हॉकी खेलबो" की थीम पर आधारित इस लीग में राज्य के विभिन्न अंचलों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह टीमें - राजधानी रॉयल्स, चित्रकोट चैलेंजर्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स आमने-सामने होंगी। प्रत्येक टीम 22 खिलाड़ियों से सजेगी, जिसमें 18 होनहार खिलाड़ी छत्तीसगढ़ के होंगे, जबकि 4 राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर के बाहरी खिलाड़ी शामिल किए जाएंगे।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)










Comments