छत्तीसगढ़: नकली गौ भक्तों के राज में भूख और दुर्घटनाओं से मर रहीं गायें, कांग्रेस ने भाजपा सरकार को घेरा.....
नकली गौ भक्तों के राज में गाये मर रही है - कांग्रेस...
गोठान बंद होने का दुष्परिणाम गाय सड़को पर मर रही, दुर्घटनाएं हो रही....

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की क़लम से :-
रायपुर, छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राज्य में गायों की दुर्दशा और लगातार हो रही मौतों को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। बलौदाबाजार के भाटापारा ब्लॉक स्थित सूरजपुरा गांव में बंद पड़े गोठान में 20 गायों की भूख से मौत का मामला सामने आने के बाद, कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने राज्य सरकार को आड़े हाथों लिया है।
चारे के अभाव और दुर्घटनाओं से जा रही जान -
सुशील आनंद शुक्ला ने आरोप लगाया कि 'नकली गौ भक्तों' के राज में गोवंश बेहाल है। गोठान बंद होने के कारण गायें चारे के अभाव में सड़कों पर भटकने को मजबूर हैं, जिससे वे दुर्घटनाओं और भूख का शिकार हो रही हैं। उन्होंने आंकड़े देते हुए बताया कि पिछले एक महीने में रायपुर, राजनांदगांव, बलौदाबाजार, बिलासपुर, कवर्धा, महासमुंद और कांकेर में 240 से अधिक गायों की मौत हो चुकी है।
कागजों तक सीमित रहे गोधाम और गौ-अभ्यारण्य -
कांग्रेस नेता ने कहा कि सरकार ने पहले गौ-अभ्यारण्य और फिर गोधाम बनाने की बात कही थी, लेकिन ये योजनाएं सिर्फ कागजों तक ही सीमित रह गईं। चारे के लिए प्रति पशुधन मात्र 10 रुपये प्रतिदिन का आवंटन किया गया है, जो कि बिल्कुल नाकाफी है। उन्होंने पिछली कांग्रेस सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में गायों की रक्षा के लिए गोठान बनाए गए थे और गोबर खरीदी योजना ने लोगों को गोपालन के प्रति प्रोत्साहित कर आय का जरिया दिया था।
गायब हुए 5 लाख पशुधन, सड़कों पर भटक रहे 2 लाख गोवंश -
प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा को 'गौ हत्यारी सरकार' करार देते हुए गंभीर आंकड़े पेश किए। शुक्ला ने दावा किया कि पिछले ढाई साल में राज्य से 5 लाख पशुधन गायब हुए हैं। वर्तमान में 2 लाख से अधिक गोवंश सड़कों पर बेसहारा घूम रहे हैं और 2500 से ज्यादा गायों की दुर्घटनाओं में अकाल मौत हुई है।
बीफ निर्यात और चंदे पर भी उठाए सवाल -
कांग्रेस ने केंद्र की मोदी सरकार पर भी निशाना साधा। शुक्ला ने कहा कि खुद को गोरक्षक बताने वाली भाजपा के राज में भारत, ब्राजील के बाद दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा बीफ (गोमांस) निर्यातक देश बन गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बीफ निर्यात से हर साल 4.3 अरब डॉलर कमा रही है और इलेक्टोरल बॉन्ड के खुलासे में यह भी सामने आया है कि भाजपा ने बीफ निर्यातक कंपनियों से चंदा लिया है।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)











Comments