छत्तीसगढ़ चेम्बर के बिलासपुर प्रवास से व्यापारिक संगठनों को मिली नई मजबूती, तखतपुर व चकरभाठा में नवीन इकाइयों का हुआ गठन...

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की कलम से :-
बिलासपुर: छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी के नेतृत्व में बिलासपुर का संगठनात्मक दौरा बेहद सफल और ऐतिहासिक रहा। इस प्रवास के दौरान स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को नई गति देने और संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने के लिए कई बड़े और अहम कदम उठाए गए।
सांगठनिक विस्तार और नई इकाइयों का ऐलान -
दौरे के दौरान बिलासपुर जिले के तखतपुर और चकरभाठा में नई चेंबर इकाइयों का विधिवत गठन किया गया। व्यापारिक क्षेत्र में उनके लंबे अनुभव और समर्पण को देखते हुए राकेश मंदानी को तखतपुर इकाई और अशोक जोतवानी को चकरभाठा इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। नवनियुक्त अध्यक्षों को बधाई देते हुए संगठन ने व्यापार हितों के लिए सक्रियता से काम करने का आह्वान किया।

इसके अलावा, बिलासपुर चेंबर इकाई के अध्यक्ष भागचंद बजाज और पदाधिकारियों द्वारा आयोजित कार्यक्रम में ट्रांसपोर्ट चेम्बर और महिला चेम्बर की भी घोषणा की गई। इसमें नवदीप लुथरा को ट्रांसपोर्ट चेम्बर और प्रेमलता गुप्ता को महिला चेम्बर की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिससे महिला उद्यमियों और परिवहन व्यवसायियों को एक सशक्त मंच मिलेगा।
सराफा एसोसिएशन का कार्यक्रम और विशेष सम्मान -
इस प्रवास की अगली कड़ी में छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन की ओर से सेवा संकल्प अभियान के तहत एक उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पूर्व राज्यमंत्री मुर्तुजा बनक की मौजूदगी में एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल सोनी और उनकी टीम ने प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी का आत्मीय स्वागत किया। खास बात यह रही कि कमल सोनी ने पहले चेंबर कार्यकारी अध्यक्ष पद से जो इस्तीफा दिया था, उसे वापस ले लिया है और अब वे बिलासपुर संभाग प्रभारी व कार्यकारी अध्यक्ष के पद पर अपनी सेवाएं जारी रखेंगे।
व्यापारिक समस्याओं और विकास पर मंथन -
दौरान हुई बैठकों में बिलासपुर के व्यावसायिक विकास और स्थानीय व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं पर गंभीर चर्चा हुई। इसमें मुख्य रूप से:
व्यापार विहार की दुकानों की फ्री-होल्ड प्रक्रिया को तेज करना।
थोक बाजार का विस्तार और आधुनिक लॉजिस्टिक हब का निर्माण।
रेलवे कनेक्टिविटी और औद्योगिक क्षेत्रों की बेहतरी।
इन तमाम मुद्दों पर चर्चा करते हुए सतीश थौरानी ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए चेम्बर की तरफ से ठोस प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर कार्यकारी अध्यक्ष राजेश वासवानी, राधाकिशन सुंदरानी सहित संभाग और जिलेभर के तमाम प्रमुख पदाधिकारी, महिला मोर्चा की सदस्य और विभिन्न व्यावसायिक संगठनों के प्रतिनिधि भारी संख्या में मौजूद रहे।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments