बाइक को लेकर सगे भाइयों में हुआ विवाद, हमले में बड़ा भाई लहूलुहान.....

ब्रेकिंग ADN न्यूज़:-
बलौदा:- थाना क्षेत्र के ग्राम किसडी में पंचायत भवन के पास पारिवारिक मोटरसाइकिल के इस्तेमाल को लेकर दो सगे भाइयों के बीच विवाद हो गया, बहस बढ़ने पर छोटे भाई ने मां-बहन की अश्लील गालियां और जान से मारने की धमकी देते हुए बड़े भाई की कनपट्टी पर पत्थर के टुकड़े से हमला कर दिया | हमले में बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गया |पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी छोटे भाई के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है |
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम किसडी निवासी करन तांडी (10वीं पास, वेल्डर) ने बताया कि घर की मोटरसाइकिल का उपयोग वह और उसका छोटा भाई कौशल तांडी दोनों मिलकर करते हैं, 13 सितंबर 2026 की सुबह करीब 11:30 बजे करन को किसी काम से मोटरसाइकिल की जरूरत पड़ी, जब वह पंचायत भवन के पास पहुंचा, तो उसने अपने छोटे भाई कौशल तांडी से बाइक के बारे में पूछा | छोटा भाई कौशल जब बाइक के बारे में अनभिज्ञता जताने लगा, तो पीड़ित ने कहा कि "गाड़ी लेकर घर आना, वरना घर मत आना |" इतनी सी बात पर भड़ककर कौशल तांडी अश्लील गालियां देने लगा और "जान से मार दूंगा" कहते हुए पास पड़े पत्थर के टुकड़े से बड़े भाई के सिर पर वार कर दिया | हमले से पीड़ित की बांई कनपट्टी फट गई और भारी मात्रा में खून बहने लगा | घटना को गांव के ही विवेका साहू ने देखा और बीच-बचाव किया, इसके बाद पीड़ित ने घर जाकर अपनी बहन करीना तांडी को आपबीती सुनाई और थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई | पुलिस ने पीड़ित करन तांडी की रिपोर्ट पर आरोपी छोटे भाई कौशल तांडी के खिलाफ BNS की धारा 115(2), 296 (अश्लील गाली-गलौज) और 351(2) (आपराधिक धमकी) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की विवेचना शुरू कर दी है |





.jpg)








Comments