कुसमुंडा खदान में खूनी टक्कर: आमने-सामने भिड़े दो भारी वाहन, एक चालक की दर्दनाक मौत से भड़के परिजन.....

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
कोरबा: एसईसीएल की कुसमुंडा कोयला खदान के भीतर सुरक्षा के दावों की पोल खोल देने वाला एक और बड़ा हादसा सामने आया है। यहां खदान परिसर के अंदर दो भारी ट्रेलर आपस में आमने-सामने भिड़ गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक वाहन के परखच्चे उड़ गए और चालक की मौके पर ही सांसें थम गईं, जबकि दूसरा चालक गंभीर रूप से जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।
केबिन में फंसा रहा शव, मची अफरा-तफरी -
मृतक चालक की पहचान रेलिया क्षेत्र निवासी विश्व प्रसाद बिट्टू के रूप में की गई है। हादसे के तुरंत बाद खदान क्षेत्र में भारी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुर्घटनाग्रस्त वाहन नीलकंठ कंपनी के पेटी ठेकेदार (PKS कंपनी) से जुड़े बताए जा रहे हैं। टक्कर इतनी भीषण थी कि मृतक का शव काफी देर तक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त केबिन के अंदर ही फंसा रहा, जिसे बड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल -
इस दर्दनाक हादसे के बाद एक बार फिर खदान के भीतर सुरक्षा मानकों और लापरवाह कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों और मजदूरों का आरोप है कि खनन क्षेत्र में नियमों की अनदेखी के कारण लगातार इस तरह की दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे चालकों की जान पर हर वक्त खतरा मंडराता रहता है।
मुआवजे और नौकरी की मांग को लेकर हंगामा -
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए और प्रबंधन के खिलाफ रोष जताते हुए जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजन उचित मुआवजे और परिवार के एक सदस्य को नौकरी दिए जाने की मांग पर अड़ गए, जिससे खदान क्षेत्र में कुछ समय के लिए भारी तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
हालाँकि, स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कुसमुंडा थाना प्रभारी मृत्युंजय पांडे अपनी पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों और लोगों को काफी समझाइश दी, जिसके बाद मामला शांत हुआ और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की गई।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments