बलौदाबाजार: गणेश विसर्जन झांकी पर पुलिस लाठीचार्ज, भड़के लोगों ने NH-130 किया जाम...

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले स्थित सिमगा में गणेश विसर्जन के दौरान झांकी पर हुए कथित पुलिस लाठीचार्ज का मामला अब गरमा गया है। बीती रात हुई इस घटना के विरोध में रविवार सुबह से ही भारी बवाल देखने को मिल रहा है। आक्रोशित स्थानीय नागरिकों और कांग्रेस-भाजपा समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने एकजुट होकर नेशनल हाईवे-130 पर चक्काजाम कर दिया।
पुलिस की इस कार्रवाई के खिलाफ 'सिमगा बंद' का आह्वान किया गया, जिसका व्यापक असर रविवार सुबह से ही नगर में दिखा। लगभग सभी व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर इस विरोध-प्रदर्शन का समर्थन किया। जय स्तंभ चौक पर भारी संख्या में लोग धरने पर बैठ गए हैं, जिससे हाईवे पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई है।
दोषी पुलिसकर्मियों को निलंबित करने की मांग -
जय स्तंभ चौक पर डटे प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांग है कि इस घटना के लिए जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों पर तुरंत और सख्त कार्रवाई हो। भीड़ ने भाटापारा एसडीओपी, सिमगा थाना प्रभारी और लाठीचार्ज में शामिल सभी पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने की मांग रखी है। जनप्रतिनिधियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक दोषियों पर गाज नहीं गिरती, तब तक यह धरना और आंदोलन बदस्तूर जारी रहेगा।
क्या है पूरा मामला ?
गौरतलब है कि शनिवार रात सिमगा में गणेश विसर्जन के लिए शांतिपूर्ण ढंग से झांकी निकाली जा रही थी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इसी दौरान पुलिस ने भीड़ पर कथित तौर पर लाठियां भांजीं। इस घटना के बाद से ही लोगों में भारी आक्रोश पनप रहा था, जो रविवार सुबह एक बड़े चक्काजाम के रूप में सड़क पर उतर आया। फिलहाल सिमगा में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर सड़क पर डटे हुए हैं।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments