बलौदाबाजार: बोड़तरा सेवा सेतु शिविर में उमड़ी भीड़...

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
बलौदाबाजार: राज्य में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को भाटापारा विकासखंड के ग्राम बोड़तरा में एक भव्य सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। इस विशेष शिविर में स्थानीय नागरिकों को एक ही छत के नीचे विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ मिला। इस दौरान विभिन्न विकास कार्यों की घोषणा करने के साथ ही हजारों हितग्राहियों को सहायता सामग्री और प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
सांसद ने की करोड़ों के विकास कार्यों की घोषणा -
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में अलग-अलग योजनाओं के 3482 हितग्राहियों को चेक, सामग्री और प्रमाण पत्र बांटे। इस अवसर पर उन्होंने बोड़तरा गांव के विकास के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं:
महतारी सदन निर्माण के लिए 20 लाख रुपये
अटल डिजिटल सेवा केंद्र के लिए 7 लाख रुपये
बालिका शौचालय निर्माण के लिए 5 लाख रुपये
इसके अलावा 20 ग्राम पंचायतों में 10-10 लाख रुपये के विकास कार्यों की स्वीकृति प्रदान की गई।
समयबद्ध और त्वरित निराकरण के निर्देश -
जनसभा को संबोधित करते हुए सांसद अग्रवाल ने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए ही ऐसे शिविरों की रूपरेखा तैयार की गई है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में मिलने वाले आवेदनों का गंभीरता से समय पर निराकरण किया जाए। जो आवेदन मौके पर हल नहीं हो सकें, उनका निपटारा आगामी सात दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से किया जाए। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं—जैसे हर घर नल से जल, आयुष्मान कार्ड, महतारी वंदन और किसान सम्मान निधि का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण और हर घर शौचालय निर्माण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मेगा हेल्थ कैंप में सैंकड़ों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण -
शिविर के दौरान आयोजित मेगा स्वास्थ्य शिविर में नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया:
कुल 452 लोगों ने अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया, जिनमें से 147 लोगों की लैब जांच की गई।
'वय वंदन' योजना के तहत 80 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों के विशेष आयुष्मान कार्ड बनाए गए।
393 लोगों की बीपी और शुगर जांच तथा 87 लोगों की सिकल सेल जांच हुई।
टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के तहत 162 लोगों का एक्स-रे किया गया और 26 लोगों को फिजियोथेरेपी दी गई।
इसके साथ ही जरूरतमंद बुजुर्गों को 85 चश्मे वितरित किए गए।
इस दौरान राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, नगरपालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, कलेक्टर कुलदीप शर्मा, एसपी गौरव राय, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, जनपद अध्यक्ष सविता अनंत, जिला अध्यक्ष आनंद यादव, जिला पंचायत सीईओ दिव्या अग्रवाल, एसडीएम श्यामा पटेल सहित क्षेत्र के अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments