आठ महीने की ऐतिहासिक मुहिम रंग लाई: जनभागीदारी से पूरी तरह बदल गई रायपुर के गदही तालाब की तस्वीर...

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की कलम से :-
रायपुर: राजधानी रायपुर में जनसहभागिता और सामाजिक इच्छाशक्ति का एक बेहतरीन उदाहरण देखने को मिला है। ग्रीन आर्मी छत्तीसगढ़ द्वारा 'गदही तालाब' में पिछले आठ महीनों से लगातार चलाए जा रहे स्वच्छता और जनजागरण अभियान ने इस स्थल की पूरी तस्वीर ही बदल दी है। इसी कड़ी में आज यहां एक भव्य मेगा स्वच्छता अभियान संपन्न हुआ, जिसमें विभिन्न जोनों के पदाधिकारियों, सक्रिय सदस्यों और स्थानीय नागरिकों ने मिलकर श्रमदान किया और स्वच्छता का अलख जगाया।

सुविधाओं से लैस हुआ तालाब परिसर -
अभियान के दौरान सिर्फ साफ-सफाई ही नहीं की गई, बल्कि बुनियादी सुविधाओं का भी कायाकल्प किया गया। तालाब परिसर और पचरी की विशेष सफाई के बाद कचरा, प्लास्टिक और अनावश्यक झाड़ियों को हटाया गया। इसके साथ ही हनुमान मंदिर के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाया गया। सुरक्षा और रोशनी के पुख्ता इंतजाम करते हुए बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराया गया, नए बिजली के खंभे लगाए गए और लाइटों के ऑटोमैटिक संचालन के लिए टाइमर सिस्टम स्थापित किया गया। इसके अलावा, परिसर की सुरक्षा बढ़ाने के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।
बच्चों के लिए बना नया आकर्षण केंद्र -
तालाब परिसर अब केवल स्वच्छ ही नहीं, बल्कि जीवंत भी हो उठा है। यहां बच्चों के लिए झूले, स्लाइड, सी-सॉ और अन्य खेल उपकरण स्थापित किए गए हैं, जिससे यह जगह अब बच्चों और परिवारों के लिए एक पसंदीदा मनोरंजन और सैर-सपाटे का केंद्र बन गई है। खुले वातावरण में बच्चों को खेलते और परिवारों को सुकून के पल बिताते देख अभियान से जुड़े सदस्यों में भारी उत्साह है।
रायपुरा जोन की बैठक में बनी आगे की रूपरेख -
मेगा स्वच्छता अभियान के ठीक बाद रायपुरा जोन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जोन की वर्तमान स्थिति, नए सदस्यों के जुड़ाव, ग्रीन टी-शर्ट वितरण, गदही तालाब अभियान की सफलता और आगामी कार्ययोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैनर-पोस्टर वितरण और जन-जागरूकता को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए नई रणनीतियां तय की गईं।
प्रशासन और नागरिकों का मिला भरपूर सहयोग -
इस पूरे महाभियान को सफल बनाने में ग्रीन आर्मी छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष और संस्थापक अमिताभ दुबे, रायपुर जिला अध्यक्ष गुरदीप टुटेजा, ब्लू विंग अध्यक्षा भारती श्रीवास्तव, ग्रीन विंग अध्यक्षा मोनिका बागरेचा, व्हाइट विंग अध्यक्ष श्याम बघेल, रायपुरा जोन अध्यक्ष सुबोधकांत निषाद, सचिव मनीष शर्मा, उपाध्यक्ष मेघराज हरिनखेड़े, गोकुल चंद्राकर, डॉ. रेवेंद्र चंद्राकर, विजय हरिनखेड़े, अरविंद यादव, गौतम दास, दुर्गा प्रसाद बिसेन, युवराज चौधरी, आर.वी. मठे, राजेश्वर सैनिक, शर्मा, देवांगन, सुनील करमाकर सहित देवपुरी जोन, पुरानी बस्ती जोन, ब्राह्मणपारा जोन और डीडीयू नगर जोन की पूरी टीमों का सराहनीय योगदान रहा।
इसके साथ ही, पुलिस प्रशासन, नगर निगम जोन-8, स्मार्ट सिटी और नगर निगम अधिकारी योगेश कडू के विशेष मार्गदर्शन और सहयोग के लिए संगठन ने आभार व्यक्त किया है।
नागरिकों से अपील -
ग्रीन आर्मी ने शहरवासियों से अपील की है कि वे तालाब परिसर को साफ-सुथरा रखें, इसमें कचरा न फेंके और सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा में अपना सहयोग दें।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments