फौजी का शव ले जा रही एंबुलेंस खड़े ट्रक से भिड़ी, बेटे समेत चार की मौत...

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। चंडीगढ़ से भारतीय सेना के एक सूबेदार का पार्थिव शरीर लेकर देवरिया जा रही एंबुलेंस पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर अनियंत्रित होकर एक खड़े ट्रक से टकरा गई। इस दर्दनाक हादसे में सूबेदार के बेटे समेत परिवार के तीन सदस्यों और चालक की मौत हो गई।
यह हादसा सुबह करीब 8 बजे अयोध्या-सुल्तानपुर बॉर्डर के पास हलियापुर क्षेत्र में हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एंबुलेंस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मृतकों की पहचान एंबुलेंस चालक जसपाल, राजन सिंह (पुत्र भूपति), गौरव सिंह (पुत्र सत्यभान) और राम समझ (पुत्र जयसिंह) के रूप में हुई है। ये सभी लोग देवरिया जिले के रुद्रपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले थे।
सुल्तानपुर के पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि डायल 112 के जरिए दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई थी। उच्च अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार, एंबुलेंस में सूबेदार सत्यवान फौजी का पार्थिव शरीर रखा हुआ था, जिसे लेकर परिजन चंडीगढ़ से अपने पैतृक गांव लौट रहे थे। इस दुर्घटना में वाहन में सवार सभी लोगों की जान चली गई।
पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और पंचायतनामा की प्रक्रिया के लिए भेज दिया है। घटनास्थल पर कानून-व्यवस्था और राहत कार्य जारी है।
मुख्यमंत्री ने जताया गहरा शोक -
इस মর্মান্তिक हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख जताया है और पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "जनपद सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुई दुर्घटना में जनहानि अत्यंत दुखद है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे प्रभावित परिवारों से संपर्क कर हरसंभव मदद पहुंचाएं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।"






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments