रायपुर में सजेगी 'रंगीलो रास गरबा' की भव्य महफिल, 14 से 19 अक्टूबर तक जैनम मानस भवन में होगा आयोजन...

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की कलम से :-
राजधानी में पारंपरिक डांडिया और गरबा के सबसे बड़े और प्रतिष्ठित उत्सव 'रंगीलो रास गरबा' का आगाज हो चुका है। 14 अक्टूबर से शुरू होकर यह रंगारंग आयोजन 19 अक्टूबर तक जैनम मानस भवन में चलेगा। इस संबंध में बुधवार को आयोजित प्रेसवार्ता में आयोजन की विस्तृत रूपरेखा साझा की गई।
आयोजन समिति के संस्थापक नीलेश मुंदड़ा ने बताया कि इस बार बढ़ती भीड़ और यातायात के दबाव को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम स्थल बदलकर जैनम मानस भवन तय किया गया है। यहां विशाल लॉन के साथ पर्याप्त पार्किंग की सुविधा उपलब्ध है, जिससे शहरवासी बिना किसी परेशानी के गरबा का लुत्फ उठा सकेंगे।
छत्तीसगढ़ी संस्कृति और पारंपरिक व्यंजनों की अनूठी झलक -
इस आयोजन का मुख्य आकर्षण छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम स्थल पर बस्तर आर्ट की कलाकृतियों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे युवा पीढ़ी अपनी पारंपरिक कला से जुड़ सके। इसके अलावा, 'गढ़कलेवा' कॉर्नर पर चीला, फरा, भजिया, खुरमी और अनरसा जैसे लजीज पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद भी मिलेगा। प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ छत्तीसगढ़ी पारंपरिक वेशभूषा और नृत्य शैली अपनाने वाले प्रतिभागियों को 'बेस्ट छत्तीसगढ़ी ट्रेडिशनल लुक' अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा।
अनुशासन, सुरक्षा और नियमों का कड़ा पहरा
सांस्कृतिक शुद्धता और पारिवारिक माहौल बनाए रखने के लिए प्रबंधन ने कुछ सख्त और महत्वपूर्ण नियम तय किए हैं:
शुद्ध पारंपरिक संगीत: डीजे फ्लोर पर केवल पारंपरिक गरबा गीत ही गूंजेंगे, बॉलीवुड गानों के इस्तेमाल पर पूरी पाबंदी है।
पारंपरिक परिधान अनिवार्य: वेन्यू के अंदर केवल ट्रेडिशनल ड्रेस में ही एंट्री मिलेगी, वेस्टर्न या कैजुअल कपड़ों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
सुरक्षित पारिवारिक माहौल: सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए केवल कपल्स और फैमिली ग्रुप को प्राथमिकता दी जाएगी, जबकि स्टैग एंट्री पूरी तरह प्रतिबंधित है।
तिलक लगाकर प्रवेश: प्रवेश द्वार पर ही सभी के माथे पर तिलक लगाया जाएगा, जिसका उद्देश्य युवाओं को अपनी संस्कृति और सनातन परंपराओं से जोड़ना है।
दमदार सुरक्षा और चिकित्सा: कार्यक्रम स्थल पर सीसीटीवी कैमरे और महिला बाउंसर्स की तैनाती के साथ आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल टीम और दो एंबुलेंस हमेशा मौजूद रहेंगी।
लाखों के बंपर इनाम और विशेष उपस्थिति -
विभिन्न श्रेणियों में शानदार प्रदर्शन करने वाले विजेताओं के लिए प्रायोजकों की ओर से लाखों रुपये के आकर्षक उपहार रखे गए हैं। प्रेसवार्ता के दौरान नीलेश मुंदड़ा, कपिल दोषी, मारुति काबरा, अमित राठी, राजीव मुंदडा, आर्या दुबे, राम वाधवानी, अणुव्रत खटोर, अमर धिंगानी, शरद सारडा, विकास आहूजा और राकेश अग्रवाल समेत कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)



Comments