google.com, pub-3310156774694367, DIRECT, f08c47fec0942fa0
top of page
WhatsApp Image 2025-09-10 at 15.54_edite
ADN FILMS POSTER

BREAKING ADN NEWS

WhatsApp Image 2026-09-19 at 09.46.31.jpeg
WhatsApp Image 2026-09-08 at 12.10.10.jpeg
WhatsApp Image 2026-09-19 at 09.46.30 (2).jpeg
WhatsApp Image 2026-09-19 at 09.46.31 (1).jpeg
WhatsApp Image 2026-09-19 at 09.46.30 (1).jpeg

इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे युवक-युवती बने चेन स्नैचर...जानें पूरा मामला !

30 minutes ago
3 min read

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-

दुर्ग :- छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में चेन स्नैचिंग के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। सुपेला थाना पुलिस ने मामले में बीटेक इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे एक युवक और युवती को गिरफ्तार किया है। दोनों एक ही कॉलेज में पढ़ते हैं। पुलिस के अनुसार, पैसों की जरूरत पूरी करने के लिए दोनों ने मिलकर चेन स्नैचिंग की योजना बनाई और सुबह टहलने निकलने वाली बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाना शुरू कर दिया। पुलिस ने आरोपी विक्की नायक और तरूणा सिन्हा को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सोने की चेन का हिस्सा और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी जब्त की है।


पुलिस के मुताबिक, पहली घटना 31 जुलाई को प्रियदर्शनी परिसर में हुई थी। 62 वर्षीय गीता देवी सुबह करीब साढ़े छह बजे अपने घर के सामने टहल रही थीं। इसी दौरान स्कूटी पर सवार युवक-युवती वहां पहुंचे। मौका मिलते ही पीछे बैठे आरोपी ने महिला के गले से सोने की चेन झपट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों स्कूटी से मौके से फरार हो गए। घटना के बाद मामले की शिकायत सुपेला थाने में दर्ज कराई गई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ आरोपियों की तलाश शुरू की।


पहली घटना की जांच चल ही रही थी कि 20 सितंबर को नेहरू नगर ईस्ट स्थित विद्या विहार कॉलोनी में भी चेन स्नैचिंग की घटना सामने आई। यहां भी गीता देवी को निशाना बनाए जाने की बात सामने आई। लगातार हुई घटनाओं के बाद पुलिस ने दोनों वारदातों के तरीके और उपलब्ध साक्ष्यों को जोड़कर जांच तेज कर दी। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। जांच के आधार पर पुलिस विक्की नायक और तरूणा सिन्हा तक पहुंची।


पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। जांच में सामने आया कि दोनों बीटेक इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे हैं और कॉलेज में साथ पढ़ते हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने पैसों की जरूरत के कारण चेन स्नैचिंग की योजना बनाई थी। इसके लिए वे सुबह के समय स्कूटी लेकर अलग-अलग इलाकों में घूमते और अकेले पैदल टहलने वाली बुजुर्ग महिलाओं की तलाश करते थे।


एएसपी मणिशंकर चंद्रा के मुताबिक, वारदात के दौरान युवती स्कूटी चलाती थी, जबकि युवक पीछे बैठता था। जैसे ही कोई बुजुर्ग महिला अकेली दिखाई देती, दोनों उसके पास पहुंचते और मौका मिलते ही युवक गले से चेन झपट लेता था। इसके बाद दोनों तेजी से मौके से निकल जाते थे। अपनी पहचान छिपाने के लिए आरोपी हेलमेट और कपड़े का इस्तेमाल करते थे, ताकि सीसीटीवी कैमरों में उनका चेहरा स्पष्ट दिखाई न दे और पुलिस के लिए उनकी पहचान करना मुश्किल हो।


पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सोने की चेन का एक हिस्सा बरामद किया है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी जब्त की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। सुपेला पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपियों ने इन घटनाओं के अलावा कहीं और भी इसी तरीके से चेन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम दिया है या नहीं।

Comments


© 2018 by Anis lala dani. Proudly created with breakingadnnews.com

  • Subscribe Channale
bottom of page
naver-site-verification: navere8d42c0359e3e135363406d5b6093c27.html